भोपाल, 7 मई 2023 I मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बदहाली को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं वेंटिलेटर पर हैं। अस्पतालों में न तो डॉक्टर्स हैं और न ही व्यवस्थाएं। दवाइयां और मशीनें भी सरकारी अस्पतालों में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जांच मशीनें न होने के कारण मरीजों को बीमारी की जांच के लिए निजी लैब में जाना पड़ता है।
आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर्स और स्वास्थ्य कर्मचारी लापरवाह हैं। न तो उन्हें मरीजों की चिंता है और न ही सरकार का डर। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर्स और स्वास्थ्य कर्मचारी मनमर्जी से नौकरी कर रहे हैं।डॉक्टर्स वक्त पर अस्पताल ही नहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि छतरपुर के जिला अस्पताल में एक महिला को दिल का दौरा पड़ने पर भर्ती कराया गया लेकिन शर्म की बात है कि इलाज के लिए एक भी नहीं मिला। करीब 5 घंटे तक महिला को देखने के लिए कोई डॉक्टर नहीं आया। ये डॉक्टर्स की घोर लापरवाही है।
रानी अग्रवाल ने कहा कि अस्पताल में सही वक्त पर इलाज न मिलने के कारण मरीजों की मौत भी हो जाती है। उन्होंने आगे कहा कि अकेले छतरपुर नहीं राजधानी भोपाल में भी डॉक्टर्स का यही रवैया है। गुरुवार को कलेक्टर ने जेपी अस्पताल का दौरा किया तो स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था की पोल खुली। 95 में से 20 डॉक्टर ड्यूटी से गायब मिले। कलेक्टर ने मौके पर 1 को सस्पेंड और 1 डॉक्टर की संविदा खत्म कर दी। ड्यूटी से गायब रहने की आदत के कारण जेपी अस्पताल में अटेंडेंस के बायोमीट्रिक अटेंडेंस नहीं बल्कि रजिस्टर से अटेंडेंस होती थी।
आप की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब राजधानी भोपाल में डॉक्टर्स का रवैया इतना लापरवाहीपूर्ण हैं तो फिर प्रदेश के दूर दराज के जिलों में क्या आलम होगा ये सरकार खुद सोच ले। उन्होंने कहा कि एक तो अस्पतालों मे वैसे ही डॉक्टर्स की भारी कमी है और जो हैं वो भी काम नहीं कर रहे हैं तो फिर गरीब जनता क्या करे। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में 29 फीसदी डॉक्टर्स की कमी हैं जबकि केवल 32 फीसदी स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स के भरोसे ही अस्पताल चल रहे हैं।
रानी अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं भगवान भरोसे हैं। वहीं मध्य प्रदेश के उलट आम आदमी पार्टी शासित दिल्ली में लोगों को बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। लोगों को गंभीर से गंभीर बीमारी का इलाज मुफ्त मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर दिल्ली की तरह ही मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जाएगा और लोगों को मुफ्त इलाज दिया जाएगा।











