बैरागढ़ में एलिवेटेड ब्रिज निर्माण को लेकर कपड़ा व्‍यापारी संघ आशंकित, बीआरटीएस लेन हटाने पर जोर

बैरागढ़ में एलिवेटेड ब्रिज निर्माण को लेकर कपड़ा व्‍यापारी संघ आशंकित, बीआरटीएस लेन हटाने पर जोर
भोपाल। बैरागढ़ में प्रस्तावित एलिवेटेड डबल डेकर ब्रिज का निर्माण हुआ तो कारोबार ठप हो जाएगा। शासन बीआरटीएस लेन हटाकर पहले की तरह सिंगल डिवाइडर बनाए, तो भी यातायात और पार्किंग की समस्या हल हो सकती है।

थोक वस्त्र व्यवसाय संघ की कार्यकारिणी बैठक में संघ के अधिकांश सदस्यों ने आशंका व्यक्त की ब्रिज बनने से कारोबार ठप हो जाएगा। योजना के अनुसार ब्रिज की चौड़ाई 26 मीटर है। सर्विस रोड के लिए नौ मीटर अलग जगह चाहिए। कपड़ा संघ के अध्यक्ष कन्हैया इसरानी के अनुसार हमने मेन रोड की चौड़ाई नापी है। यहां अधिकतम 22 मीटर ही जगह है। डबल डेकर ब्रिज योजना के तहत भविष्य में मेट्रो के पिलर भी खड़े होंगे। ऐसे में तोड़फोड़ की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

बैठक में बुजुर्ग सदस्य विशनदास ने कहा कि हमने बेहद परिश्रम से दुकान बनाई है। ब्रिज बना तो कारोबार भी ठप होगा, दुकान भी टूट सकती है। ब्रिज बनाने में कम से कम तीन साल लगेंगे। ऐसे में व्यापार ठप होना तय है।\

अधिकांश सदस्यों ने कहा कि बीआरटीएस लेन हटाने से ही समस्या हल होगी। विधायक प्रतिनिधि राम बंसल ने बैठक में कहा कि ब्रिज से तोड़फोड़ नहीं होगी। विधायक रामेश्वर शर्मा भी यही बात कह चुके हैं।

विधायक से मिलेंगे, रणनीति तय होगी

बैठक में तय किया गया कि इस संबंध में व्यापारी सोमवार को विधायक रामेश्वर शर्मा से मुलाकात करेंगे। उन्हें व्यापारी अपना दर्द बताएंगे। ब्रिज बनने से करीब 600 व्यापारी प्रभावित होंगे। बैठक में पूर्व अध्यक्ष चंदूभाई इसरानी, रमेश जनियानी, मूलचंद वीधानी, मंघूमल, गोवर्धन रायसिंघनी, मनोहर वीधानी आदि मौजूद थे। अध्यक्ष कन्हैया इसरानी ने पीडब्ल्यूडी द्वारा जारी ले आउट भी पेश किया। उन्‍होंने कहा कि यह लेआउट देखकर स्पष्ट है कि तोड़फोड़ होगी। एक बार काम शुरू होने के बाद हमारी बात कोई नहीं सुनेगा।

Advertisement