फेल होने के बाद करने लगे थे मजदूरी, एक टीचर ने बदली किस्मत, आज 500 करोड़ की कंपनी के मालिक
नई दिल्ली: रेडी टु कुक इडली और डोसा बैटर बनाने वाली कंपनी आईडी फ्रेश फूड (iD Fresh Food) का बिजनस भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी फैला है। कंपनी का एक तिहाई रेवेन्यू यूएई से आता है। कंपनी ने वहां बिजनस शुरू करने के बाद छह महीने में ही यह उपलब्धि हासिल कर ली थी। कंपनी अब अमेरिका, ब्रिटेन और सिंगापुर में भी अपने प्रॉडक्ट लॉन्च करने की तैयारी में है। इस कंपनी की स्थापना मुस्तफा पीसी (Musthafa PC) ने की थी जिनका जन्म केरल के दूरदराज के एक गांव में हुआ था। उनके पिता एक दिहाड़ी मजदूर थे लेकिन शिक्षा के महत्व को अच्छी तरह जानते थे। मुस्तफा ने छठी क्लास में फेल होने के बाद स्कूल जाना छोड़ दिया था और मजदूरी करने लगे थे। लेकिन एक स्कूल टीचर उनके लिए देवदूत बनकर आया। उसकी पहल पर मुस्तफा फिर से स्कूल जाने लगे। फिर उन्होंने पूरे मन से पढ़ाई की और जीवन में बड़ा मुकाम हासिल किया। आज उनकी कंपनी का रेवेन्यू 500 करोड़ रुपये है।











