कोलकाता में पेट्रोल की कीमत में सबसे ज्यादा 3.29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही शहर में पेट्रोल की कीमत 108.74 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। मुंबई में पेट्रोल 3.14 रुपये की तेजी के साथ 106.68 रुपये हो गया है जबकि चेन्नई में इसमें 2.83 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। तमिलनाडु की राजधानी में अब एक लीटर पेट्रोल 103.67 रुपये में मिलेगा। कच्चा तेल महंगा होने से तेल कंपनियों का मार्जिन प्रभावित हुआ है और उन्हें हर महीने 30,000 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा था।
डीजल की कीमत
डीजल की कीमत में भी 3 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई है। कोलकाता में अब यह 3.11 रुपये बढ़कर 95.13 रुपये पहुंच गया है। मुंबई में भी इतनी ही बढ़ोतरी के बाद डीजल की कीमत 93.14 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। चेन्नई में डीजल 2.86 रुपये बढ़कर 95.25 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से महंगाई के और भड़कने की आशंका है। फ्यूल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट महंगा होगा और इससे सब्जी, राशन, दूध और रोजमर्रा की चीजों की कीमतें भी बढ़ेंगी।अप्रैल में क्रूड पेट्रोलियम, नेचुरल गैस, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का कीमत में तेजी के कारण थोक महंगाई कई साल के रेकॉर्ड पर पहुंच गई। गुरुवार को आए आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल में पेट्रोल की मंहगाई 32.4 फीसदी पर पहुंच गई जो एक महीने पहले 2.50 फीसदी पर थी। इसी तरह हाई-स्पीड डीजल की महंगाई 3.62 फीसदी से 25.19 फीसदी पहुंच गई।











