भोपाल। शहर में प्रतिदिन सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। गुरुवार 17 अगस्त को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
रुद्राभिषेक - माता मंदिर में सावन शुक्ल प्रतिपदा पर भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक किया जाएगा। समय - सुबह 09 बजे।
चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड समुदाय के चित्रकार यशवंत धुर्वे के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 40वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी अगस्त माह के अंत तक रहेगी। इसे सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देखा जा सकता है।
कार्यशाला - कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में सीआइआइ की कार्यशाला शाम चार बजे से।
हिंडोला उत्सव - पुराने शहर के लखेरापुरा स्थित श्रीजी मंदिर में हिंडोला उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें प्रभु श्रीनाथजी हरी-भरी डालियों से बने झूले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। समय - शाम साढ़े छह बजे।
नाटक मंचन - रवींद्र भवन के हंसध्वनि सभागार में महानाट्य राष्ट्रपुरुष अटल का मंचन होगा। रंजना चितले द्वारा लिखित इस महानाट्य का निर्देशन प्रियंका शक्ति ठाकुर ने किया है। नाटक में अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को अभिनय और लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। नाटक की प्रस्तुति बहुउदेश्यीय सामाजिक नाट्य संस्था के कलाकार देंगे। समय - शाम सात बजे।











