भोपाल। शहर में प्रतिदिन सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। मंगलवार 08 अगस्त को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह के प्रादर्श श्रृंखला के अंतर्गत अगस्त के प्रादर्श के रूप में ग्राम उप्पुण्दा, जिला- उडुपी, कर्नाटक के लोक समुदाय से संकलित लकड़ी पर बनी बाघ की मूर्ति 'चिराटे' को दर्शकों के अवलोकन हेतु प्रदर्शित किया गया है। मानव संग्रहालय में आप इसका अवलोकन सुबह 11 बजे से कर सकते हैं।
चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड समुदाय के चित्रकार यशवंत धुर्वे के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 40वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी अगस्त माह के अंत तक रहेगी। इसे सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देखा जा सकता है।
सिल्क इंडिया एक्सपो - त्यौहारी सीजन के लिए सिल्क इंडिया एक्सपो शहर में है। महाराणा प्रताप भवन, चार इमली में 10 दिन के लिए आयोजित यह प्रदर्शनी 11 अगस्त तक जारी रहेगी। यहां आप विभिन्न राज्यों के बुनकरों से सीधे हैंडलूम सिल्क साड़ियां, सूट, कुर्तियां एवं ड्रेस मटेरियल खरीद सकते हैं। समय सुबह 11.30 बजे से रात नौ बजे तक है।
नाट्य कार्यशाला - आहान शिक्षा संस्कृति एवं समाज कल्याण समिति भोपाल द्वारा 27 जुलाई से 10 अगस्त तक 15 दिवसीय नाट्य कार्यशाला एलबीटी में आयोजित की जा रही है। मुख्य प्रशिक्षण आलोक चटर्जी प्रदान कर रहे हैं। कोई भी इच्छुक युवा इसमें निश्शुल्क भाग ले सकता है। समय शाम चार बजे से सात बजे तक है।
कलश यात्रा - पुरुषोतम मास के पावन अवसर पर मिनाल रेसीडेंसी जेके रोड के सर्वधर्म मीनाल मंदिर में अष्टोत्तरशत श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का आयेाजन रखा गया है। श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन नौ से 15 अगस्त तक होगा। श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा डा. शिवदत्त मिश्रा सुनाएंगे। शाम तीन से शाम सात बजे तक कथा होगी। कलश यात्रा मंगलवार को निकलेगी। इसमें 501 महिलाए कलश लेकर आंगे चलेगी। साथ ही 151 पंडित आचार्य मंत्रों का उच्चारण करते हुए चलेंगे।











