मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय की चयन सूची जारी, भोपाल के चार सहित मप्र से 17 का चयन

मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय की चयन सूची जारी, भोपाल के चार सहित मप्र से 17 का चयन

भोपाल। मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय (एमपीएसडी), भोपाल ने सत्र 2023-25 के लिए चयन प्रक्रिया तय समय में पूरी करते हुए चयन सूची जारी कर दी है। देश के विभिन्न क्षेत्रों के 26 प्रतिभागियों का चयन हुआ है। मप्र से सर्वाधिक 17 और उत्तर प्रदेश के तीन युवाओं का चयन पहली बार शुरू हो रहे दो वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। भोपाल के चार युवा कलाकारों ने विद्यालय में अपनी सीट सुरक्षित की है।

स्कूल के निदेशक टीकम जोशी ने बताया कि एमपीएसडी 20 जुलाई से नाट्य कला में दो वर्षीय पीजी डिप्लोमा कोर्स शुरू करने जा रहा है। वर्तमान में संस्थान में नाट्य कला में एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम चलाया जा रहा था, जिसमें 26 सीटों पर देश भर से युवा कलाकार प्रवेश लेते थे लेकिन यह अवधि बहुत कम थी। उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग की पहल पर स्कूल को राजा मानसिंह तोमर कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर से संबद्धता मिलने के बाद इस बार से दो वर्षीय पीजी डिप्लोमा इन ड्रामेटिक आर्ट में प्रवेश दिए गए हैं। गत माह हुई अंतिम चयन कार्यशाला में 86 बच्चों को बुलाया गया था, जिनमें से 26 का चयन चयनकर्ताओं ने साक्षात्कार के आधार पर किया है।

त्रिकर्षी की दो कलाकार चयनित

भोपाल से त्रिकर्षी नाट्य संस्था की महक नंदा और अनंतिका मिश्रा,समांतर नाट्य संस्था के आशुतोष मिश्रा और अन्य युवा कलाकार कसब खान का चयन विद्यालय में हुआ है। पिछले साल आशुतोष दूसरे राउंड तक ही पहुंच पाए थे। आशुतोष वरिष्ठ रंगकर्मी एवं रंगगुरु मुकेश शर्मा से विगत पांच वर्षों से रंगमंच की बारीकियां सीख रहे हैं और इस यात्रा में उन्होंने कई नाटकों में अभिनय और कुछ नाटकों का निर्देशन भी किया है। इसके साथ - साथ ही उन्होंने फिल्म और टीवी शो में भी अभिनय किया है। ड्रामा स्कूल में प्रवेश मिलने पर यह चारों बहुत उत्साहित हैं।


Advertisement