भोपाल। प्रदेशभर से आए संत-पुजारी बुधवार को राजधानी में एकत्रित हुए और विधानसभा का घेराव करने निकले। टीटी नगर नानके पेट्रोल पंप तिराहे पर उन्हें पुलिस ने रोक लिया। नाराज संत-पुजारियों ने शिवराज सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप लगाया। केसरिया हिंदू वाहिनी सनातन कल्याण समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में संत-पुजारियों ने प्रदर्शन किया। बड़ी तादाद में पुलिस जवानों ने बैरिकेडिंग कर पुजारियों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान संत-पुजारियों व पुलिस के बीच बहस भी हुई। विरोध बढ़ता देख पुलिस ने इन पुजारियों को गिरफ्तार किया। थोड़ी देर बार पुलिस ने गिरफ्तार किए गए संत-पुजारियों को माला पहनाकर सम्मान करके छोड़ दिया। प्रदर्शन के बीच टीटी नगर से माता मंदिर प्लेटिनम प्लाजा के रास्ते पर ट्रैफिक जाम लगने की स्थिति निर्मित हुई। पुलिस को दूसरी तरफ वाले सड़क के हिस्से पर ट्रैफिक डायर्वट किया, तब जाकर जाम खुल सका।
पुजारियों का कहना है कि मांगों के निराकरण के लिए न ही कांग्रेस सरकार आगे आई और न ही भाजपा सरकार आई है। पुजारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है तो वह व्यापक आंदोलन करेंगे। पुजारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र मिश्रा ने बताया कि भगवान परशुराम जयंती पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की थी कि मंदिरों में शासन की दखल नहीं रहेगा। पुजारियों का मानदेय बढ़ेगा। लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। मंदिरों पर दबंगों का कब्जा किया जा रहा है। तहसीलदार और कलेक्टर इन जमीनों को नीलाम कर रहे हैं। मठ-मंदिर का सरकारीकरण समाप्त करने का वचन सभी साधु-संत और ब्राह्मण समाज के सामने दिया था। लेकिन कलेक्टर व्यवस्थापक के रूप में मंदिर की भूमि पर से नहीं हटाए गए। सरकार अपने वादे पर कायम रहे। यदि जल्द ही सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो संत-पुजारियों को मजबूरन उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।











