रूस का सुखोई सुपरजेट मॉस्को के पास क्रैश, परीक्षण उड़ान के दौरान हादसा, सभी क्रू मेंबर की मौत
मॉस्को: रूसी यात्री जेट शुक्रवार को उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हादसे में चालक दल के तीन लोगों की मौत हो गई। विमान परीक्षण उड़ान के दौरान हादसे का शिकार हुआ, उस समय सिर्फ क्रू मेंबर ही जेट में सवार थे। रूस का एक यात्री विमान सुखोई सुपरजेट 100 शुक्रवार को मॉस्को के पास जंगल में क्रैश हुआ। रूसी आपातकालीन मंत्रालय के की ओर से जारी बयान के मुताबिक सुखोई सुपरजेट 100 में मौजूद सभी तीन क्रू मेंबर्स की मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि विमान गजप्रोम एविया का था, जो रूसी राज्य-नियंत्रित प्राकृतिक गैस की दिग्गज कंपनी गजप्रोम के स्वामित्व वाला विमान था।विमान ने मॉस्को से 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में लुखोवित्सी में एक विमान बनाने वाले संयंत्र से उड़ान भरी थी, जहां इसकी मरम्मत हुई थी। ये मरम्मत के बाद जांच के लिए एक परीक्षण उड़ान थी। जब यह दुर्घटनाग्रस्त हुआ तो यह मॉस्को के वनुकोवो हवाईअड्डे की ओर जा रहा था। देश की शीर्ष आपराधिक जांच समिति ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।











