दंगे को काबू में करने के लिए भारी संख्या में नेपाली पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली सेना को बड़ी संख्या में तैनात किया गया है। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक ताजा मौत सिराहा की औरही ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड 2 के रहने वाले 17 वर्षीय गणेश यादव की हुई जिन्हें गुरुवार दोपहर गोलबाजार में झड़प के दौरान गोली लगी थी।
नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा भड़की
इससे पहले दिन में सुनसरी में रविवार की हिंसा में गंभीर रूप से घायल हुए 20 वर्षीय जया प्रकाश मेहता की विराटनगर के न्यूरो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अशांति तब शुरू हुई जब रविवार रात सुनसरी में दो समुदायों के बीच टकराव के दौरान देवांगंज ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड 3 के रहने वाले 24 वर्षीय ओम प्रकाश मेहता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।पुलिस मुख्यालय ने कहा कि सुरक्षा बलों को भीड़ को नियंत्रित करने के उपायों जैसे आंसू गैस और लाठीचार्ज को प्राथमिकता देने का आदेश दिया गया है साथ ही सामुदायिक नेताओं, स्थानीय प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के साथ बातचीत बनाए रखने को भी कहा गया है। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) अबी नारायण काफ्ले ने कांतिपुर को बताया 'हमने कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे जरूरत के हिसाब से ही बल का प्रयोग करें और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए समुदायों के साथ बातचीत पर ध्यान दें।'











