हाथरस हादसे पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन और जापान के पीएम किशिदा दुखी, भारत को भेजा शोक संदेश
Updated on
04 Jul 2024, 11:25 AM
मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने उत्तर प्रदेश में एक धार्मिक समागम के दौरान भगदड़ मचने से 121 लोगों की मौत होने पर बुधवार को शोक प्रकट किया। भारत में रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर प्रदेश में भगदड़ मचने की घटना पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शोक संदेश भेजा: कृपया उत्तर प्रदेश में हुई दुखद दुर्घटना पर हार्दिक संवेदना स्वीकार करें।"जापानी पीएम ने शोक संदेश में क्या कहा
किशिदा ने अपने शोक संदेश में कहा कि उन्हें यह जानकर गहरा दुख हुआ कि उत्तर प्रदेश में हुई भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गई। जापान के विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर पोस्ट किए गए संदेश में उन्होंने कहा, "मैं जापान सरकार की ओर से पीड़ितों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना करता हूं।"