सितंबर में चलेगा सड़कों के निरीक्षण और मरम्मत का अभियान, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को दी जिम्मेदारी

सितंबर में चलेगा सड़कों के निरीक्षण और मरम्मत का अभियान, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को दी जिम्मेदारी
भोपाल। चुनावी सीजन में प्रशासन बदहाल सड़कों की भी सुध लेने जा रहा है। वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत विशेष अभियान चलाकर की जाएगी। इसके लिए प्रदेशभर में दो से नौ सितंबर तक सड़कों के निरीक्षण का अभियान चलाया जाएगा। अभियान में उप यंत्री से लेकर कार्यपालन यंत्री स्तर के अधिकारियों को सड़क संधारण की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके तहत समूचा अमला एक साथ उन्हें आवंटित सड़कों का निरीक्षण करेगा। निरीक्षण, संधारण कार्य में लापरवाही पर जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

क्षतिग्रस्त जगहों के फोटो-वीडियो तैयार करेंगे अफसर


लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह ने बताया कि अधिकारी दो सितंबर से सड़कों का निरीक्षण करेंगे और क्षतिग्रस्त स्थानों, जलभराव क्षेत्रों के फोटो-वीडियो तैयार करेंगे। ऐसी क्षतिग्रस्त सड़कें जो परफारमेंस गारंटी में है, उनके ठेकेदारों को सात दिन में मरम्मत के काम कराने होंगे। वहीं, जो सड़कें इस दायरे में नहीं आती हैं, उनके संधारण का काम लोक निर्माण विभाग कराएगा।


मुख्य अभियंता भी करेंगे सड़कों का निरीक्षण

सुखबीर सिंह ने यह भी बताया कि राज्य स्तर से भी प्रमुख और मुख्य अभियंता को कम से कम 10-10 सड़कों का निरीक्षण करना होगा। सड़कों के निरीक्षण व संधारण का यह प्रथम चरण होगा। इस विशेष अभियान का अगला चरण भी जल्द चलाया जाएगा।

Advertisement