भोपाल । जिले में समाधान आपके द्वार योजना के तहत लंबित प्रकरणों को निपटाने की तैयारी शासन ने कर ली है। इसके लिए योजना के तहत शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर समाधान आपके द्वार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर विभिन्न सर्कलों में 5 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे। जिसमें प्रारंभिक स्तर पर ही पक्षकारों के मध्य सौहार्दपूर्ण तरीके से मुकदमों को सुनकर समाप्त करने का पूर प्रयास किया जाएगा। समाधान आपके द्वार शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी स्तर पर न्याय पालिका, राजस्व, वन एवं विद्युत समनीय, समझौता के प्रकरणों का निराकरण किया जाना है।
इन मामलों को रखा जाएगा शिविरों में
जानकारी के अनुसार लोक अदालत में विभागों के विभिन्न प्रकृति के प्रकरणों के साथ ही राजस्व विभाग के प्रकरणों का निराकरण भी किया जाएगा। इसमें फसल हानि पर आर्थिक सहायता, कुआं एवं नलकूप के नष्ट हो जान पर दी जाने वाली आर्थिक सहायता, बंटवारा आदेश के बाद बंटाकन, अक्श नक्शा, भूमि का सीमांकन/सीमांकन विवादों का निपटारा, नामांतरण के मामलों के विवाद की दिशा में समझौता एवं सुलह, उत्तराधिकारी प्रकरण, रास्ते के विवाद, जल निकासी, जल स्त्रोतों के उपयोग के मामले, अतिक्रमण प्रकरण, धारा 145 के मामलों का निपटारा किया जाएगा।
क्लस्टरों का गठन कर लगाए जाएंगे शिविर
अपर कलेक्टर मुख्यालय दो नोडल अधिकारी के निर्देश में विभिन्न क्षेत्रों में क्लस्टरों का गठन किया जाकर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत तहसील हुजूर, बैरसिया, कोलार, संत हिरदाराम नगर, शहर, गोविंदपुरा,
एमपीनगर एवं राजधानी परियोजना टीटी नगर के सभाकक्ष में सुबह 11 से शाम पांच बजे तक शिविर लगाए जाएंगे।











