ट्रक की चपेट में आकर रेस्तरां कर्मचारी की मौत

ट्रक की चपेट में आकर रेस्तरां कर्मचारी की मौत

भोपाल। राजधानी के संत हिरदाराम नगर (इलाके) में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना मंगलवार रात की है। युवक एक रेस्तरां में काम करता था और ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रहा था। उसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। उसे लहूलुहान अवस्था में अस्पताल ले जा गया , लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

यह है मामला

बैरागढ़ थाना पुलिस ने बताया कि 33 वर्षीय विक्की पुत्र रतनलाल परिहार एमजीएच कालोनी बैरागढ़ में रहता था और एक रेस्टोरेंट में नौकरी करता था। मंगलवार रात ड्यूटी करने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रहा था। करीब पौने एक बजे वह काली माता मंदिर के पास सड़क पार कर रहा था, तभी भोपाल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल हो गए विक्की को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां कुछ देर तक चले उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज से ट्रक के बारे में सुराग तलाश रही है।

मिनी ट्रक की चपेट में आए युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम

उधर, बिलखिरिया के पढरिया काक्षी में गत 27 फरवरी की शाम मिनी ट्रक की चपेट में आए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के बाद परिजन को सौंप दिया है। हादसे में महिला समेत दो अन्य घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद छुट्टी दे दी गई थी। पुलिस के अनुसार विजय मोंगिया (35) छावनी पठार, बिलखिरिया में रहता था । गत 27 फरवरी की शाम वह पडरिया काक्षी में राजकुमार की गुमठी में चाय पीने गया था। इस दौरान गुमठी में राजकुमार और उसकी पत्नी समेत विशाल मौजूद था। शाम करीब 7 बजे आंधी तूफान का मौसम था और बारिश हो रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक गुमठी में जा घुसा। इस हादसे में विजय मोंगिया को मुंह में गंभीर चोट आई थी, जबकि विशाल और संध्या को मामूली चोट थी। गंभीर रूप से घायल विजय का एम्स में इलाज चल रहा था। वहां इलाज के दौरान मंगलवार को विजय ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मिनी ट्रक बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
Advertisement