भोपाल। कोलार के दानिशकुंज मार्ग पर इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इससे ड्रेनेज निर्माण के लिए सड़क के आजू-बाजू खोदाई की गई है। ऐसे में सड़क के दोनों ओर स्थित एटीएम, दुकान, अस्पताल, रेस्टोरेंट तक पहुंचने लोगों को पहुंचने के लिए अच्छी-खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। यहां तक लोगों का पहुंचना किसी एडवेंचर से कम साबित नहीं हो रहा है। ड्रेनेज पार करने के लिए दुकानदारों ने बांस-बल्लियों का रास्ता बनाया है, जिस पर लोग चढ़कर दुकानों व एटीएम तक पहुंच रहे हैं। बड़ी मशक्कत के साथ लोग इन दुकानों तक पहुंचते हैं और फिर उसी तरह वापस लौटने में भी मुश्किल का सामना करना पड़ता है।
ये है जोखिम की डगर
दरअसल लोग गंतव्य तक पहुंचने के लिए पहले आधा फीट के पट्टे पर चलते हैं, फिर बांस से बने रैंप पर गड्ढा पार करके गड्ढे में रखी सीढ़ी पर दीवार के सहारे चलते हुए दीवार पर चिपककर एटीएम का गेट पकड़कर पहुंचते हैं। ठीक ऐसा ही लौटते समय करना पड़ता है। इस दौरान नीचे गहरे गड्ढे और डक्ट के सरिये पर ध्यान जरूरी है, नहीं तो हादसा भी हो सकता है।
दरअसल 40 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस सड़क के लिए दोनों किनारों पर डक्ट बनाने के लिए गड्ढे खोद दिए गए हैं, जो यहां रहने वाले लोगों और दुकानदारों के लिए मुसीबत का सबब बन गए हैं।











