जिले में 1500 से अधिक मतदाता वाले मतदान केंद्रों का होगा युक्तिकरण

जिले में 1500 से अधिक मतदाता वाले मतदान केंद्रों का होगा युक्तिकरण
भोपाल । आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला निर्वाचन शाखा ने तैयारियां शुरू कर दी है। जिले में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सबसे पहले जिले में मतदान केंद्रों की स्थिति में सुधार का काम किया जा रहा है। इसके लिए कलेक्ट्रेट में मंगलवार को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदान केंद्रों के संबंध में जानकारी दी। बैठक में उप निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव, एसडीएम व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

जहां अधिक मतदाता, वहां बनेगा दूसरा मतदान केंद्र

कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि विधानसभा क्षेत्रों में 1500 से अधिक मतदाता वाले मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाना है। जिन केंद्रों में 1500 से अधिक मतदाता हैं, उस जगह पर दूसरा मतदान केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा जहां कम मतदाता हैं, उन्हें दूसरे मतदान केंद्रों में समायोजित किया जाएगा। इसके बारे में मतदाताओं को सूचना भी दी जा रही है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी परिवार के मतदाता एक ही केंद्र पर रहें।

जिला उप निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि मतदान केंद्र के युक्तिकरण में सभी राजनीतिक दल अपनी आपत्ति और सुझाव प्रस्तुत कर सकते हैं, जिससे केंद्रों के संबंध में निर्वाचन के समय कोई परेशानी न हो। सभी दल मतदान केंद्रों के संबंध में जानकारी अपडेट कर लें। सभी दल समय पर आपत्ति संबंधी आवेदन दें, जिससे निराकरण कर केंद्रों का जल्द युक्तिकरण किया जा सके।
Advertisement