उज्जैन। महाकाल मंदिर के समीप स्थित बड़ा गणेश मंदिर में 30 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। इस बार राखी पर दिन में भद्रा होने से भगवान बड़े गणेश को रात 9 बजे राखी बांधी जाएगी। पुजारियों के अनुसार भद्रा के साए में राखी बांधना शुभ नहीं माना जाता है। इसलिए रात को 8 बजकर 50 मिनट पर भद्रा समाप्त होने के बाद भगवान को राखी बांधी जाएगी। पुजारी परिवार भी रात में त्यौहार मनाएंगे।
पंचांगकर्ता, ज्योतिर्विद पं.आनंदशंकर व्यास ने बताया कि श्रावणी पूर्णिमा पर 30 अगस्त को रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाएगा। इस बार राखी पर दिनभर भद्रा रहेगी। धर्मशास्त्र में भद्रा की मौजूदगी में शुभ मांगलिक कार्य नहीं करने की आज्ञा दी गई है। इसलिए सुबह व प्रदोष काल में रक्षाबंधन का त्यौहार मनाना निषिद्ध रहेगा। बड़े गणेश मंदिर में भगवान को भी भद्रा समाप्त होने के बाद रात में 9 बजे राखी बांधी जाएगी। लोगों को घरों में भी भद्रा समाप्त होने के बाद ही राखी मनाना चाहिए।
देश विदेश से राखी आने का क्रम शुरू
भगवान बड़े गणेश को देश विदेश में रहने वाली अनेक महिलाएं व युवतियां अपना भाई मानती है। इनके द्वारा प्रतिवर्ष भगवान के लिए राखी भेजी जाती है। इस बार भी बहनों ने राखी भेजने की शुरुआत कर दी है। राखी पर रात में बहनों के नाम व गोत्र का उच्चारण करते हुए पुजारी भगवान को राखी बांधेंगे।











