प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोले, विपक्षी एकजुटता यानी लाखों करोड़ के घोटालों की गारंटी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोले, विपक्षी एकजुटता यानी लाखों करोड़ के घोटालों की गारंटी

भोपाल। अमेरिका और मिस्र की सफल यात्रा से लौटने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की एकजुटता का मतलब लाखों करोड़ के घोटालों की गारंटी है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता के नाम पर कुछ दल लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं।

परिवार में हर सदस्य के लिए अलग-अलग कानून हों तो क्या वह देश चल पाएगा? तीन तलाक, असमानता, परिवारवाद-जातिवाद के मुद्दे पर पीएम मोदी ने विपक्ष को आक्रामक तरीके से घेरा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का लक्ष्य तुष्टीकरण है जबकि भाजपा सेवा, समानता और संतुष्टीकरण के लिए काम करती है। हमारे लिए संतुष्टीकरण का मतलब है भेदभाव मिटाकर सबका साथ-सबका विकास।

पीएम ने कार्यकर्ताओं के प्रश्नों के उत्तर दिएइसके साथ ही प्रधानमंत्री ने वर्ष 2023 के विधानसभा और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भ्रष्टाचार सहित कई अन्य मुद्दे भी तय कर दिए। विपक्ष के बहाने भ्रष्टाचार और परिवारवाद जैसे मुद्दों पर मोदी ने स्पष्ट कर दिया कि इन मुद्दों पर भाजपा कोई समझौता नहीं करेगी। एक घंटे 50 मिनट के उद्बोधन में पीएम मोदी ने कई कार्यकर्ताओं के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

20 लाख करोड़ के घोटाले की गारंटीपीएम मोदी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम से 10 लाख भाजपा कार्यकर्ताओं की डिजिटल रैली को संबोधित कर रहे थे। इसमें सभी लोकसभा क्षेत्रों से भोपाल आए तीन हजार कार्यकर्ता भी शामिल थे। उन्होंने कहा आजकल एक नया शब्द गारंटी पापुलर किया जा रहा है। असल में विपक्षी दल भ्रष्टाचार की गारंटी हैं। ये सभी मिलकर कम से कम 20 लाख करोड़ के घोटालों की गारंटी हैं।

कांग्रेस का घोटाला ही अकेले लाखों-करोड़ों का है। 1.86 लाख करोड़ का कोयला घोटाला, 1.76 लाख करोड़ का 2जी घोटाला, 70 हजार करोड़ रुपये का कामनवेल्थ घोटाला। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस गारंटी के बीच एक गारंटी मेरी भी है। वह है हर घोटालेबाज पर कार्रवाई की गारंटी।समान नागरिक संहिता देश की जरूरत

पीएम मोदी ने समान नागरिक संहिता को देश की जरूरत बताते हुए कहा भारत के संविधान ने भी समान अधिकार की बात कही है। ये लोग (विपक्ष) मुसलमानों के हितैषी होते तो हमारे मुसलमान भाई-बहन शिक्षा, रोजगार व विकास में पीछे नहीं रहते। सुप्रीम कोर्ट डंडा मारकर कह रहा है कि कामन सिविल कोड लाओ लेकिन वोट के भूखे लोग इसका भी विरोध कर रहे हैं। तीन तलाक इस्लाम का जरूरी अंग है तो पाकिस्तान में क्यों नहीं है। पसमांदा मुस्लिमों के वोटबैंक की राजनीति करने वालों ने इनका जीना हराम कर दिया है।

परिवारवाद पर प्रहार

पीएम मोदी बोले, आपको सोच-समझकर तय करना है कि आप किसका भला होता देखना चाहते हैं। आपको गांधी परिवार के बेटे-बेटी का विकास करना हो तो कांग्रेस को वोट दीजिए। आपको मुलायम सिंह के बेटे का भला करना है तो सपा को वोट दीजिए। उन्होंने लालू यादव, शरद पवार, अब्दुल्ला परिवार के परिवारवाद से सबक लेने की संदेश दिया और कहा कि अगर अपने बेटे-बेटी का, पोते-पोती का, नाती-नातिन का भला करना है, तो आप भाजपा को वोट दीजिए।

देश के भले का रास्ता संतुष्टीकरण

पीएम मोदी ने कहा कि देश का भला करने का रास्ता तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण है। हम संतुष्टीकरण में लगे हैं। इसके लिए पसीना बहाना पड़ता है। तुष्टीकरण की राजनीति ने देश में खाई पैदा कर दी।

उप्र-बिहार में जातियों की उपेक्षा

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पासी, खटीक, कोरी सहित हमारे तमाम छोटे-भाई बहन राजनीति के शिकार हो गए। बिहार में भी दलित-महादलित की राजनीति ने समाज को बांट दिया है। कुछ जातियों पर विशेष ध्यान तो कुछ की उपेक्षा हुई। केरल में भी कई जातियों को विकास की दौड़ में पीछे छोड़ दिया गया।

अखबार पढ़ें और गांवों में घर-घर पहुंचाएं

गुजरात के सुरेंद्र नगर की हेतलबेन जानी ने प्रश्न पर पीएम ने कहा कि '' ऐसे लोगों पर गुस्सा मत कीजिए, दया कीजिए। 2014 हो या 2019, भाजपा के घोर विरोधी दलों में इतनी छटपटाहट नहीं दिखी, जितनी आज दिख रही है। जिन लोगों को कुछ लोग पहले अपना दुश्मन बताते थे, पानी पी-पीकर कोसा करते थे, उनको आगे जाकर नतमस्तक हो रहे हैं। ये उनकी मजबूरी है। विपक्षी दलों की हरकतों, घबराहट से साफ है कि देश की जनता ने 2024 के चुनाव में भाजपा को वापस लाने का मन बना लिया है। 2024 में फिर एक बार भाजपा की प्रचंड विजय तय है।'

कार्यकर्ताओं से कहा कि गांव के चौराहे या किसी एक स्थान पर अखबार रखें तो लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी मिल जाएगी। इससे गांव के लोगों में विश्वास बढ़ेगा। वे समझ जाएंगे कि सरकार उन कल्याण के लिए कितनी योजनाएं चला रही है। वे इससे कैसे जुड़ सकते हैं।

बूथ के अंदर सेवा ही एकमात्र माध्यम

भाजपा की, सरकार की, देश की जितनी अच्छी खबरें है उसकी जानकारी लोगों को दें। यह काम अखबार के माध्यम से बढ़िया ढंग से हो सकता है। बूथ के अंदर संघर्ष की जरूरत नहीं होती है बल्कि सेवा ही एकमात्र माध्यम होती है। अखबार के माध्यम से जनता को बताएं। हमारी पार्टी का भी अखबार निकलता है। अखबार घर-घर ले जाएंगे। एक अखबार दिन भर में तीस चालीस घरों में चला जाएगा। आप सरकार की योजनाओं की जानकारी देने वाला अखबार गांव के साथ मोहल्लों में पहुंचा देंगे तो लोगों को भला करेंगे।

वंदे भारत ट्रेन को बताई हरी झंड़ी

कार्यक्रम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कई बार मोदी-मोदी के नारे लगे। इससे पहले पीएम मोदी ने रानी कमलापति स्टेशन से भोपाल-जबलपुर और भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा रांची-पटना, धारवाड़-केएसआर बेंगलुरू और गोवा (मडगांव)- मुंबई के बीच भी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ किया।

Advertisement