यूपी में BJP को मजबूत करने की तैयारी, I.N.D.I.A. से आगे निकलेगा NDA, बन रहा नया समीकरण

यूपी में BJP को मजबूत करने की तैयारी, I.N.D.I.A. से आगे निकलेगा NDA, बन रहा नया समीकरण
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में छोटे-छोटे दलों को साधकर भारतीय जनता पार्टी हर हाल में 50 फीसदी वोट शेयर के आंकड़े को पार करने की तैयारी में जुट गई है। तैयारी अब लोकसभा चुनाव 2024 की है। ऐसे में पार्टी इस रण को लेकर कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है। कोर वोट बैंक को साधने और अन्य वोट बैंक को जोड़ने की योजना पर काम तेज हो गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ से लेकर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी तक बड़े स्तर पर काम करते दिख रहे हैं। क्षेत्रीय दलों को साधने की तैयारी में भाजपा जुट गई है। इन दलों का अपने-अपने पॉकेट में प्रभाव दिखता है। इन दलों को साधकर विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने यूपी चुनाव 2022 के दौरान बड़ा प्रभाव छोड़ा था। छोटे दलों का वोट शिफ्ट कराकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी गठन के बाद से अब तक का सबसे बड़ा वोट शेयर हासिल करने में कामयाबी हासिल की। कुछ इसी प्रकार की कोशिश में अब भाजपा जुट गई है। तीन क्षेत्रीय दलों और कई बड़े नेताओं के 24 जुलाई को भाजपा और एनडीए में शामिल होने की चर्चा शुरू हो गई है।

लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए (नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस) का कुनबा बढ़ाया जा रहा है। एनडीए का सीधा मुकाबला इस बार I.N.D.I.A. (Indian National Developmental Inclusive Alliance) से होना है। 'इंडिया' में उत्तर प्रदेश से अब तक समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल का जुड़ाव दिख रहा है। कांग्रेस विपक्षी गठबंधन को लीड कर रही है। यूपी में कांग्रेस के साथ ही इस बार सपा और रालोद क जाना तय माना जा रहा है। दूसरी तरफ, बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने अपनी अलग धारा तय कर ली है। ऐसे में भाजपा ने अपनी ताकत को बढ़ाने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी की ओर से अब एनडीए के कुनबे को भी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। पिछले दिनों सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने एनडीए का दामन थामा। इस प्रकार एनडीए में यूपी से तीन क्षेत्रीय दल साथ हो गए। निषाद पार्टी और अपना दल एस पहले से ही भाजपा के साथ है। अब महान दल, जनवादी पार्टी और प्रगतिशील मानव समाज पार्टी के भी साथ आने की सूचना है।

महान दल ने पहले किया था किनारा


यूपी की राजनीति में महान दल का कुछ इलाकों में असर दिखता है। ऐसे में समाजवादी पार्टी ने जब यूपी चुनाव 2022 से पहले अपने गठबंधन को मजबूत करना शुरू किया तो महान दल को भी साधा। लेकिन, यूपी चुनाव के बाद सबसे पहले महान दल के केशव देव मौर्य किनारे कर दिए गए। केशव देव मौर्य ने पिछले दिनों बहुजन समाज पार्टी को लोकसभा चुनाव 2024 में साथ देने का दावा किया था। पार्टी कार्यकारिणी की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव भी पास किया गया। प्रदेश भर में मायावती के समर्थन में कार्यक्रम भी शुरू किए गए। लेकिन, अब खबर यह आ रही है कि महान दल भी एनडीए का हिस्सा बनने जा रही है। इसी प्रकार प्रगतिशील मानव समाज पार्टी और जनवादी पार्टी को भी भाजपा गठबंधन में आने से ताकत बढ़ने की बात कही जा रही है। माना जा रहा है कि 24 जुलाई को एक बड़े कार्यक्रम में ये दल भाजपा के साथ जुड़ सकते हैं।

कई नेताओं के पार्टी में आने का दावा


भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले तमाम बड़े स्थानीय चेहरों को साधना शुरू कर दिया है। पार्टी की ओर से पूर्व मंत्रियों और विधायकों को साधा जा रहा है। समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल में किनारे किए गए नेताओं को साधकर स्थानीय स्तर पर पार्टी अपने आपको मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। दावा किया जा रहा है कि राजपाल सैनी और जगदीश सोनकर जैसे नेता भी भाजपा के पाले में आ सकते हैं। कई पूर्व मंत्रियों के पार्टी में शामिल होने से उनके अनुभवों का लाभ पार्टी स्थानीय स्तर पर मजबूती बढ़ाने में करेगी। भाजपा की ओर से लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर यूपी में मिशन 80 का टारगेट रखा गया है। इसके लिए पार्टी हर लोकसभा सीट पर 50 फीसदी वोट शेयर के आंकड़े को पार करने की कोशिश में जुटी दिख रही है। इसलिए, हर लोकसभा सीट के लिए अलग प्लान पर काम किया जा रहा है।
Advertisement