भोपाल। पुराने शहर के चौक बाजार में लखेरापुरा स्थित श्रीजी मंदिर में बुधवार को पुरुषोत्तम मास महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में कमल सरोवर की मनोरम झांकी सजाई गई, जिसमें प्रभु श्रीनाथजी को विराजित किया गया। गुलाबी वस्त्र के साथ सिर पर कमल के फूल से बने हुए मुकुट से प्रभु श्रीनाथ जी का श्रंगार किया गया। कमल की माला पहनाई गई। प्रभु को यमुना पुलिन पर कमल से निर्मित सरोवर में विराजमान किया गया। इस झांकी में 500 कमल के फुलों को उपयोग किया गया।
मंदिर के मुखिया श्रीकांत शर्मा ने बताया कि मोगरे व कमल से बनी हुई कुंज में विराजमान होकर प्रभु ने दर्शन दिए। प्रभु के साथ श्री यमुना जी एवं श्री महाप्रभुजी ने भी विराजमान होकर भी दर्शन दिए। कमल से बने इत्र का छिड़काव भी किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान की इस मनोरम छवि के दर्शन का आनंद लिया।
भक्तों ने छिंद धाम पहुंचकर की समृद्धि की कामना
उधर, भोपाल से सटी औद्योगिक नगरी मंडीदीप में मंगलवार को भगवा ध्वज यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सतलापुर चौराहे से किया गया। आगे आगे डीजे पर भगवान श्रीराम के भक्ति गीत बज रहे थे,उसके पीछे भगवा ध्वज लहराते नाचते गाते युवाओं का समूह मस्ती से चल रहा था। एक खुली जीप में विधायक सुरेंद्र पटवा और भाजपा के कार्यकर्ता सवार थे। करीब दो घंटे नगर में रही यात्रा मंगलबजार होती हुई, मुख्य मार्ग से औबेदुल्लागंज के लिए रवाना हुई। यात्रा में लगभग दो दर्जन से अधिक वाहन सम्मलित थे। छिंदधाम दर्शन के बाद वहां भंडारा विशाल भंडार का आयोजन किया गया। छिंद धाम के रास्ते में पड़ने वाले गांवों से लोग यात्रा में सम्मलित होते हुए छिंद पहुंचे। वहां लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।











