भोपाल। पुराने शहर के टीला जमालपुरा में स्थित कांग्रेस नगर में संपत्ति के विवाद में एक शख्स ने अपने छोटे भाई पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस दौरान छोटे भाई ने उसे रोकने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस ने झुलसे युवक की पत्नी की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार जेबा खान कांग्रेस नगर टीला जमालपुरा में रहती है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि उसका पति मोहसिन खान (25) टेलरिंग का काम करता है। उसका जेठ राशिद नशे का आदी है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब सवा 12 बजे जेबा घर में दो बच्चों के साथ थी। इस दौरान जेठ राशिद ऊपर वाले कमरे में खाना खा रहा था। उसने मोहसिन के बारे में पूछा मैंने बताया कि वह बाहर गए हैं, तभी राशिद ने फोन कर उसे घर बुलाया। मोहसिन घर पहुंचा और राशिद उसे ऊपर वाले कमरे में लेकर पहुंचा। जहां संपत्ति की बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। इसी बीच राशिद घर के बाहर से बोतल में पेट्रोल लेकर आया और घर में आग लगाने की धमकी देने लगा।
मोहसिन ने उसे रोका तो बोतल का पेट्रोल मोहसिन के हाथ पर गिर गया। इस दौरान आरोपित ने लाइटर जला दिया। इससे आग भड़कने से घर में रखे कपड़े जल गए और आरोपित के छोटे भाई मोहसिन के हाथ और पैर भी झुलस गए। उसकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले उसके दोस्त पहुंचे और किसी तरह आग से बचाकर उसे अस्पताल पहुंचाया था। जहां पर उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।











