एमपी में अब पुलिस के अवकाश ऑनलाइन होंगे मंजूर

एमपी में अब पुलिस के अवकाश ऑनलाइन होंगे मंजूर
भोपाल, अब पुलिस विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी eHRMS पोर्टल (ehrms.mp.gov.in) या eHRMS मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन अवकाश आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए मध्यप्रदेश पुलिस में eHRMS ऑनलाइन अवकाश प्रणाली शुरू की गई है।

इस व्यवस्था के लागू होने के बाद अब पुलिसकर्मियों के अवकाश ऑनलाइन मंजूर हों सकेंगे। eHRMS के ई-लीव मॉड्यूल का उपयोग वर्तमान में प्रदेश सरकार के केवल कुछ विभागों द्वारा किया जा रहा है, जिनमें पुलिस विभाग सर्वाधिक उपयोग करने वालों के साथ अग्रणी है। इसके अंतर्गत लगभग 1,01,928 अधिकारी एवं कर्मचारी इस सुविधा से जुड़े हैं।

पुलिस कर्मियों के सर्विस मैनेजमेंट सिस्टम को पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस बल और सभी पुलिस इकाइयों में 1 जुलाई 2026 से eHRMS (Electronic Human Resource Management System) का ई-लीव मॉड्यूल लागू कर दिया गया है।

इसके माध्यम से अब प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी ऑनलाइन अवकाश आवेदन, स्वीकृति तथा उसकी अपडेट स्थिति की जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्राप्त कर सकेंगे, जिससे अवकाश की पूरी प्रक्रिया आसान, पारदर्शी एवं समयबद्ध हो जाएगी।

अफसर ऑनलाइन अवकाश की सिफारिश करेंगे, कर्मचारी देख सकेंगे

यह मोबाइल एप Google Play Store और Apple App Store दोनों पर उपलब्ध है। पोर्टल पर हर कैडर के अनुसार अवकाश के प्रकार, पात्रता एवं उपलब्धता का विवरण पहले से दर्ज किया जा चुका है। कर्मचारी द्वारा ऑनलाइन आवेदन करने के पश्चात संबंधित लीव क्लर्क उसे सक्षम स्वीकृतकर्ता अधिकारी को अग्रेषित करेगा। अधिकारी ऑनलाइन ही अनुशंसा एवं स्वीकृति प्रदान करेंगे। कर्मचारी अपनी लॉगिन आईडी पर अपने अवकाश आवेदन की अपडेट स्थिति देख सकेगा।

एससीआरबी, कार्मिक शाखा में ट्रायल के बाद प्रदेश भर में लागू

ई-लीव मॉड्यूल को विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए इसे शुरुआत में एससीआरबी, कार्मिक शाखा, विशेष शाखा, पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल तथा 25वीं वाहिनी भोपाल में प्रायोगिक रूप से लागू किया गया था। इन इकाइयों से मिले सुझावों एवं फीडबैक के आधार पर मॉड्यूल में आवश्यक सुधार किए गए, जिसके बाद इसे प्रदेश की लगभग 120 पुलिस इकाइयों में लागू किया गया है।

जुलाई 2025 से ऑनबोर्डिंग कार्य शुरू

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों की पारंपरिक मैनुअल सेवा अभिलेख व्यवस्था को पूर्णतः डिजिटल स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से जुलाई 2025 से eHRMS ऑनबोर्डिंग का कार्य प्रारंभ किया गया था। इस दौरान सेवा पुस्तिकाओं का स्कैनिंग एवं अनिवार्य सेवा संबंधी विवरणों का डिजिटलीकरण किया गया।

मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPSEDC) के माध्यम से एक लाख से अधिक सेवा पुस्तिकाओं का स्कैनिंग कार्य संपन्न किया गया। वर्तमान में लगभग एक लाख पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी eHRMS पर ऑनबोर्ड किए जा चुके हैं।

सेवा संबंधी आदेश के लिए ऑर्डर बुक है लागू

पुलिस विभाग में जारी होने वाले सभी महत्वपूर्ण सेवा संबंधी आदेशों को सुरक्षित एवं डिजिटल रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 मार्च 2026 से eHRMS का ऑर्डर बुक (O.B.) मॉड्यूल भी प्रारंभ किया जा चुका है। इसके माध्यम से सेवा पुस्तिका से संबंधित सभी महत्वपूर्ण आदेश अब eHRMS पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेंगे, जिससे अभिलेखों का संरक्षण एवं उपलब्धता और अधिक मजबूत होगी।

Advertisement