सेंट फ्रांसिस स्कूल विवाद मामले में पुलिस को नहीं मिली शिकायत, कमरे को नहीं किया था सील

सेंट फ्रांसिस स्कूल विवाद मामले में पुलिस को नहीं मिली शिकायत, कमरे को नहीं किया था सील
भोपाल। जहांगीराबाद में स्‍थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में जांच करने पहुंची बाल आयोग की टीम के साथ विवाद मामले में पुलिस को शिकायत नहीं मिली है। घटना के एक दिन बाद तक जहंगीराबाद थाना पुलिस में कार्रवाई के लिए डीईओ की तरफ से कोई प्रतिवेदन नहीं पहुंचा है। वहीं, जिस कमरे को खोलने को लेकर विवाद हुआ था, उसे अधिकारी बिना सील किए ही स्कूल से लौट आए थे। अब जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी आरएन श्रीवास्ती की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। इस कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि सेंट फ्रांसिस स्कूल जहांगीराबाद में बुधवार को कुछ बच्चों की फीस व टीसी की शिकायत मिलने पर बाल आयोग की टीम जांच करने पहुंची थी। बाल आयोग की टीम का कहना था कि निरीक्षण के दौरान स्कूल का ट्रस्टी बताने वाले कार्लो नाम के व्यक्ति ने अभद्र व्यवहार किया था। साथ ही एक कमरा नहीं नहीं खोला गया था, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ। आयोग की टीम पंचानामा बनाकर बिना कमरा खोले लौट आई थी। पहले बताया गया कि उक्त कमरे को सील कर दिया गया है। बाद में पता चला कि यह कमरा सील ही नहीं किया गया। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार त्रिपाठी का कहना है कि बाल आयोग से प्रतिवेदन मिला है। जांच के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी आरएन श्रीवास्ती की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम बनाई गई है। जांच टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में कार्रवाई के लिए उपायुक्त जोन वन को पत्र लिखा गया है। वहीं, एडीशनल डीसीपी जोन वन शंशाक का कहना है कि फिलहाल ऐसा कोई पत्र मेरी जानकारी में नहीं है। कार्यालय में होगा, तो जानकारी लेकर ही कुछ बता पाऊंगा।
Advertisement