भोपाल। लोकसभा चुनाव में राजनीतिक दलों द्वारा नुक्कड़ नाटक, सभाएं आयोजित की जाएंगी। इनके लिए जिला प्रशासन ने जगह तय कर दी हैं। चुनाव की घोषणा के बाद भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेता सक्रिय हो गए हैं। इनको तय स्थान पर ही अनुमति दी जाएगी। वह अनुमति एप से भी ले सकेंगे। जिस पर आवेदन अपलोड करने के बाद पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर अनुमति जारी की जाएंगी। बता दें कि जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले की हुजूर, बैरसिया, कोलार, शहर, संत हिरदाराम नगर, टीटी नगर, और एमपी नगर सर्कल क्षेत्र के एसडीएम से सभाओं को लेकर प्रतिवेदन मांगा था, जिसके आधार पर इन जगहों का चयन किया गया है।
अनुमति लेकर यहां कर सकेंगे बड़ी सभाएं
शहरी क्षेत्र में बड़ी सभाओं के लिए जंबूरी मैदान, दशहरा मैदान गोविंदपुरा, इकबाल मैदान, आबेडकर नगर, महात्मा गांधी स्कूल मैदान गोविंदपुरा, दशहरा मैदान बंजारी, बैरागढ़ दशहरा मैदान, बैरसिया दशहरा मैदान, छोला दशहरा मैदान, हाउसिंग बोर्ड करोंद दशहरा मैदान, अशोका गार्डन दशहरा मैदान, अंबेडकर पार्क तुलसी नगर, कम्युनिटी पार्क शास्त्री नगर, लाल परेड ग्राउंड, बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान, शाहजहांनी पार्क सहित अन्य जगहों को तय किया है।
नुक्कड़ नाटक व सभाओं के लिए यह स्थान किए चिह्नित
शहरी क्षेत्र में भोपाल टाकीज चौराहा, पीर गेट चौराहा, डीआइजी बंगला चौराहा, नादरा बस स्टैड चौराहा, शाहजहांनाबाद चौराहा, नारियलखेड़ा, करोंद चौराहा, सुभाष फाटक के पास खेल मैदान, गोविंदपुरा हाट बाजार, करोंद चौराहे के पास, चेतक ब्रिज के पास, ऐशबाग फाटक, बाल विहार चौराहा, मंगलवारा चौराहा, इतवारा चौराहा, सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड, चार बत्ती चौराहा, लिली टाकीज चौराहा, जिंसी चौराहा, शब्बन चौराहा सहित अन्य जगहों को नुक्कड़ सभाओं के लिए तय किया गया है।
लोकसभा चुनाव में प्रचार -प्रसार के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा नुक्कड़ नाटक, सभाएं आयोजित की जाती है। इनके आयोजन के लिए जगह तय कर दी गई हैं। सिर्फ इन्हीं तय जगहों पर दलों को अनुमति दी जाएगी। साथ ही पहले आओ पहले पाओ के अनुसार यह अनुमति देंगे।
- कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, भोपाल











