पाकिस्तानी रुपये की कीमत में हाल के दिनों में काफी गिरावट आई है। अभी एक भारतीय रुपये की कीमत पाकिस्तान के 3.70 रुपये के बराबर है। इस लिहाज से देखें तो दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 358.07 पाकिस्तानी रुपये के बराबर है। पाकिस्तान में यह कीमत 305.26 रुपये लीटर है। इसी तरह दिल्ली में डीजल की कीमत 331.78 पाकिस्तानी रुपये बैठती है जबकि पाकिस्तान में यह 311.84 रुपये है। यानी दिल्ली की तुलना में पाकिस्तान में पेट्रोल करीब 53 पाकिस्तानी रुपये और डीजल करीब 20 पाकिस्तानी रुपये सस्ता है।
पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल पहली बार 300 रुपये के पार, फिर भी भारत से सस्ता, जानिए कैसे
नई दिल्ली: पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार पेट्रोल और डीजल की कीमत (Petrol-Diesel Price in Pakistan) 300 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। आर्थिक बदहाली से जूझ रहे इस देश की कार्यवाहक सरकार ने गुरुवार को पेट्रोल की कीमत में 14.91 और डीजल की कीमत में 18.44 रुपये प्रति लीटर का इजाफा कर दिया। इस बढ़ोतरी के बाद देश में पेट्रोल 305.26 रुपये लीटर और डीजल 311.84 रुपये लीटर पहुंच गया है। इसके बावजूद पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमत भारत के मुकाबले अब भी कम है। भारत में पिछले साल मई के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये और डीजल की कीमत 89.62 रुपये बनी हुई है।
कच्चा तेल सात महीने के टॉप पर
इस बीच कच्चे तेल की कीमत में एक बार फिर भारी तेजी देखी जा रही है। यह सात महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुका है। शुक्रवार को बाजार बंद होते समय ब्रेंट क्रूड 1.98 फीसदी या 1.72 डॉलर प्रति बैरल चढ़ कर 88.55 डॉलर पर बंद हुआ। वहीं वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट या डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 2.30 फीसदी या 1.92 डॉलर प्रति बैरल चढ़ कर 85.55 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। देश में करीब डेढ़ साल से पेट्रोल-डीजल की कीमत नहीं बदली है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पिछले साल अप्रैल में इसमें आखिरी बार बदलाव किया था। उसके बाद मई में केंद्र ने एक्साइज ड्यूटी घटाई थी।











