पेटा इंडिया ने 2 अक्टूबर से मांस के विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाने की उठाई मांग, केंद्र सरकार को लिखी चिट्ठी
नई दिल्ली: जानवरों के अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था PETA इंडिया ने केंद्र सरकार से 2 अक्टूबर से बिलबोर्ड, टेलीविजन, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और दूसरे मीडिया पर मीट (मांस) को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों पर रोक लगाने की मांग की है। संस्था का कहना है कि ऐसा करने से महात्मा गांधी के अहिंसा के सिद्धांत का सम्मान होगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में ‘ पेटा इंडिया ’ ने पशु कल्याण, जन स्वास्थ्य और पर्यावरण संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए देशभर में मांस के विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
संगठन ने कई यूरोपीय शहरों में मांस के विज्ञापनों पर लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे कदम पर्यावरण संबंधी चिंताओं को देखते हुए उठाए गए हैं। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में हुए ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन का भी जिक्र किया, जहां दुनिया भर के नेताओं को पारंपरिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बिना मांस वाले व्यंजन परोसे गए थे।
