नागरिकाें को दोनों समय पर्याप्त जलापूर्ति की जाएगी
नगर निगम कार्यपालन यंत्री जल कमलेश श्रीवास्तव बोले-लगातार वर्षा से परियट ओवर फ्लो हो गया है खंदारी जलाश्य का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। अब जलापूर्ति में कटौती के हालात नहीं बनेंगे। बरगी दांयी तट नहर से जलापूर्ति नहीं भी शुरू हुई तो नागरिकाें को दोनों समय पर्याप्त जलापूर्ति की जाएगी।
आधे शहर में एक टाइम जलापूर्ति की नौबत आ सकती है...
मरम्मत करने के लिए बंद की गई बरगी दांयी तट नहर से जलापूर्ति शुरू नहीं भी हो पाई तो भी नागरिकाें को अब दोनों टाइम का भरपूर पानी मिलेगा। विदित हो कि बरगी नहर से जलापूर्ति बंद किए जाने और परियट जलाशय का स्तर कम होने के कारण बीते दिनों रांझी सहित 15 वार्डों में दोनों समय की बजाये एक समय ही जलापूर्ति की जा रही थी। ये भी कहा जा रहा था कि यदि वर्षा नहीं हुई और जलाश्य खाली रहे तो आधे शहर में एक टाइम जलापूर्ति की नौबत आ सकती है।
परियट का न्यूनतम स्तर 1360 फीट है यानी महज चार फीट ही पानी शेष था
श्हर में अब तक 13 इंच वर्षा हो चुकी है। इसी के साथ ही आधे शहर को जलापूर्ति करने वाला परियट जलाश्य अपने अधिकतम 1390 फीट के स्तर पर पहुंच गया है। जबकि 26 जून तक परियट का जलस्तर 1364 फीट तक नीचे आ गया था। परियट का न्यूनतम स्तर 1360 फीट है यानी महज चार फीट ही पानी शेष था। लगातार वर्षा के बाद परियट का जलस्तर 26 फीट तक बढ़ गया है।
खंदारी भी छलकने की कगार पर
इसी तरह कैंट, टेमरभीटा, कजरवारा सहित अधिकांश क्षेत्रों में जलापूर्ति करने वाला खंदारी जलाश्य भी छलकने की कगार पर पहुंच रहा है। खंदारी का जलस्तर 26 जून तक 1435 फीट था जो वर्षा के बाद चार फीट बढ़कर 1446 फीट पर आ गया है। खंदारी का अधिकतम जलस्तर 1454 मीटर है। खंदारी भी छलकने की कगार पर पहुंच रहा है।
लगातार भर रहा बरगी बांध
बरगी बांध के जलग्रहण क्षेत्र में पानी की आवक जारी है। रूक-रूक कर ही सही, लेकिन लगातार हो रही वर्षा से बरगी बांध के जलस्तर में इजाफा हो रहा है। पिछले 40 घंटों के दौरान बांध का जलस्तर करीब एक मीटर बढ़कर 416.95 मीटर के तक पहुंच चुका है। 16 जून तक बरगी जलस्तर 413 मीटर था। फिलहाल बांध से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में वृद्धि नहीं की गई है
नर्मदा मंदिर के गुबंद तक आया पहुंचा जलस्तर, बढ़ा सौंदर्य
जबलपुर, मंडला सहित आस-पास के जिलों में लगातार हो रही वर्षा से नर्मदा नदी का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। थम-थम कर ही सही रोजाना हो रही वर्षा से नर्मदा का सौंदर्य भी निखर आया है। नर्मदा में उठने वाली लहरें पर्यटक व श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। जबकि दो माह पहले नर्मदा का जलस्तर बेहद कम हो गया था। वर्षा के बाद बीचों बीच स्थित मां नर्मदा का मंदिर भी डूब गया है सिर्फ मंदिर का गुबंद ही नजर आ रहा है। घाट डूब गए है , पंडो के तख्त हटा लिए गए हैं।
जलाशयों का मौजूदा जलस्तर (फीट में)
जलाशय - अधिकतम - न्यूतनतम - मौजूदा
परियट - 1390 - 1360 - 1390
खंदारी - 1454 - 1421 - 1446
बरगी - 422 मीटर - 403 मीटर - 41695 मीटर











