भोपाल। शहर में प्रतिदिन सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। शनिवार 26 अगस्त को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
धार्मिक अनुष्ठान - पंचशील नगर जिनालय में धार्मिक अनुष्ठान सुबह सात बजे से।
विज्ञान कार्यशाला - हाई स्कूल स्तर के शिक्षकों के लिए आंचलिक विज्ञान केंद्र में हैंड्स आन साइंस डेमोस्टेशन वर्कशाप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सुबह 11 बजे से नेशनल अवार्ड विनर विज्ञान शिक्षक मनीष कुमार विज्ञान से जुड़ी जरूरी जानकारियां देंगे।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह के प्रादर्श श्रृंखला के अंतर्गत अगस्त के प्रादर्श के रूप में ग्राम उप्पुण्दा, जिला- उडुपी, कर्नाटक के लोक समुदाय से संकलित लकड़ी पर बनी बाघ की मूर्ति 'चिराटे' को दर्शकों के अवलोकन हेतु प्रदर्शित किया गया है। मानव संग्रहालय में आप इसका अवलोकन सुबह 11 बजे से कर सकते हैं।
चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड समुदाय के चित्रकार यशवंत धुर्वे के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 40वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी अगस्त माह के अंत तक रहेगी। इसे सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देखा जा सकता है। इसी तरह होटल ताज लेक फ्रंट में चित्रकार और पुरातत्ववेत्ता स्व सचिदा नागदेव द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी रंगस्मृति का आयोजन किया जा रहा है। होटल के प्रथम तल में प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक देखा जा सकता है।
सावन शिल्प मेला - गौहर महल में इन दिनों सावन शिल्प मेला चल रहा है। यहां से आप अनेक तरह के हाथ से निर्मित शिल्प एवं साड़ियां, सूट मटेरियल आदि खरीद सकते हैं। यह मेला 28 अगस्त तक चलेगा। इसे दोपहर 01 से रात 09 बजे तक देखा जा सकता है।
श्रावण मेला - भोपाल हाट परिसर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा श्रावण मेला का आयोजन किया जा रहा है। मप्र के विभिन्न जिलों केस्वसहायता समूह अपने उत्पाद यहां लेकर आए हैं। समय दोपहर एक बजे से रात नौ बजे तक है।
हिंडोला उत्सव - पुराने शहर के लखेरापुरा स्थित श्रीजी मंदिर में हिंडोला उत्सव मनाया जा रहा है, जिसमें प्रभु श्रीनाथजी हरी-भरी डालियों से बने झूले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। समय - शाम साढ़े छह बजे।
संभावना समारोह - मप्र जनजातीय संग्रहालय में प्रत्येक शनिवार को नृत्य, गायन एवं वादन पर केंद्रित गतिविधि 'संभावना' का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आज शाम उज्जैन की सुनीता गांगुलिया एवं साथी कलाकारों द्वारा मालवी गायन एवं पश्चिम बंगाल के जगन्नाथ चौधरी एवं साथी कलाकारों द्वारा पुरुलिया छाऊ की प्रस्तुति दी जाएगी। संग्रहालय के सभागार में आयोजित यह गतिविधि शाम सात बजे से होगी, जिसमें प्रवेश निश्शुल्क है।
बादल राग समारोह - भारत भवन में बादल राग समारोह का आयोजन 24 से 27 अगस्त किया जा रहा है। आज समारोह के तीसरे दिन शाम सात बजे विशाल कृष्ण द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद शाम 7:40 बजे कुमकुम धर द्वारा परिकल्पित और निर्देशित कथक नृत्यरूप पंच महाभूतम की प्रस्तुति दी जाएगी।











