भोपाल । राजा भोज एयरपोर्ट से रोड ट्रांसपोर्ट सुविधा पहले से बेहतर हो गई है। टैक्सी चालकों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए एयरपोर्ट अथारिटी ने दिल्ली की वाइज ट्रेवल इंडिया को प्रीमियम टैक्सी सेवा शुरू करने की अनुमति दी है। जल्द ही यहां ओला का बुकिंग काउंटर भी शुरू हो जाएगा।
मालूम हो कि यात्रियों को एयरपोर्ट से टैक्सी बुक करने के लिए परेशान होना पड़ता था। टैक्सी चालकों की मनमानी के कारण यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ रहा था। एयरपोर्ट अथारिटी ने पिछले दिनों यहां उबर का बुकिंग कार्यालय खोलने की अनुमति दी थी। हाल ही में दिल्ली की वाइज ट्रेवल इंडिया को प्रीमियम टैक्सी सेवा शुरू करने की अनुमति दी गई है। यह कंपनी स्थानीय स्तर पर कैब सेवा देने के अलावा आसपास के क्षेत्र के लिए टैक्सी उपलब्ध कराएगी। एयरपोर्ट अथारिटी ने यात्रियों को उचित किराये में टैक्सी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अब ओला का काउंटर स्थापित करने की तैयारी की है। आनलाइन बुकिंग के साथ ही यात्री सीधे काउंटर से भी बुकिंग करा सकेंगे।
बस सेवा शुरू, पर नहीं मिलता खास लाभ
एयरपोर्ट से आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हाल ही में भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड ने एयरपोर्ट एक्सप्रेस बस सेवा शुरू की है। मिसरोद से एयरपोर्ट के बीच चलने वाली बस प्रतिदिन पांच फेरे लगाती है। बीच में कई स्थानों पर इसका स्टापेज है, लेकिन यात्रियों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसका एक कारण यात्रियों को इसकी जानकारी नहीं होना है। दरअसल बस डिपार्चर गेट के निकट खड़ी रहती है। विमान से लौटते समय यात्रियों को बस नजर ही नहीं आती। कुछ यात्रियों ने बैनर लगाकर इसकी जानकारी प्रदर्शित करने का सुझाव अथारिटी को दिया है।
एयरपोर्ट से शहर के विभिन्न स्थानों तक बस सेवा शुरू करना सराहनीय है, क्योंकि इसमें किराया कम है लेकिन यात्रियों को इसकी जानकारी नहीं है। मैंने एयरपोर्ट अथारिटी को जगह-जगह बैनर लगाने का सुझाव दिया है।
- डा. तुषार कुलकर्णी, यात्री
टैक्सी सेवा का विस्तार किया है
एयरपोर्ट पर टैक्सी सेवा का विस्तार होने से यात्रियों को सुविधा हो गई है। ओला का काउंटर स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। बस के संबंध में यात्रियों के सुझाव पर अमल का प्रयास किया जाएगा।
- रामजी अवस्थी, एयरपोर्ट डायरेक्टर











