भोपाल । बड़ी झील के किनारे बैरागढ़ स्थित बोरवन पार्क के अंदर ही नगर निगम ने योग केंद्र एवं पगड़ी रस्म सभागृह का निर्माण कार्य पूरा कर दिया है। इसका लोकार्पण 12 अगस्त, शनिवार को विधायक रामेश्वर शर्मा करने वाले थे, लेकिन एनजीटी के आदेश के बाद लोकार्पण कार्यक्रम टाल दिया गया है।
योग केंद्र एवं पगड़ी रस्म का निर्माण करने से पहले नगर निगम ने वन विभाग से अनुमति लेकर 85 हरे-भरे पेड़ काट दिए थे। क्षतिपूर्ति के रूप में निगम की उद्यान शाखा ने चार लाख 11 हजार 400 रुपये भी जमा किए थे। इसके बाद यहां शेड निर्माण किया गया था। कुछ लोगों ने वन क्षेत्र में हरे-भरे पेड़ काटने को नियम विरूद्ध बताते हुए एनजीटी में शिकायत की थी। एनजीटी की जोनल बैंच ने इसकी सुनवाई के बाद निर्माण कार्य तोड़ने के आदेश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी भी बना दी है। यह कमेटी 31 अक्टूबर तक रिपोर्ट देगी। डीएफओ आलोक पाठक ने इसकी पुष्टि की है। इस कमेटी में राज्य शासन, वेटलेंड प्राधिकरण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
शनिवार को होना था लोकार्पण, बैठक हुई
सभागृह का लोकार्पण 12 अगस्त को सुबह 9.30 बजे विधायक रामेश्वर शर्मा करने वाले थे। कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए गुरुवार को पूज्य सिंधी पंचायत कार्यालय में बैठक भी हुई। बैठक में अध्यक्ष साबू रीझवानी, जगदीश आसवानी, नंद दादलानी, नरेश तोलानी एवं विधायक प्रतिनिधि राम बंसल सहित अनेक लोग उपस्थित थे। पंचायत ने अपने सदस्यों को लोकार्पण का निमंत्रण भी दे दिया, लेकिन शाम को तोड़ने का आदेश जारी होते ही कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। महासचिव माधु चांदवानी के अनुसार विवाद के कारण कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
तोड़ने के आदेश हो गए हैं
एनजीटी की भोपाल बैंच ने योग केंद्र एवं पगड़ी रस्म सभागृह तोड़ने के आदेश जारी कर दिए हैं। एक हाईलेवल कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी 31 अक्टूबर तक रिपोर्ट देगी। पंचायत को आदेश से अवगत करा दिया है।
-आलोक पाठक, डीएफओ, भोपाल।











