इंदौर। मुख्यमंत्री के एक क्लिक करते ही शहर के 275 हितग्राहियों के पास मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना के प्रमाण पत्र पहुंच गए। हितग्राहियों के चेहरे अपना प्रमाण पत्र पाते ही खिलखिला उठे। हालांकि यह कार्यक्रम भोपाल में हुआ था लेकिन शहर के प्रीतमलाल दुआ सभागृह में इसके सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई थी।
शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ प्रभारी मनीष शर्मा मामा ने बताया कि प्रदेश में कई जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को लाभांवित किया जा रहा है। मंगलवार को इसी क्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में भोपाल में सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण इंदौर में हुआ।
शर्मा ने बताया कि इंदौर में मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना और मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के पात्र 275 हितग्राही परिवारों को सहायता राशि का प्रमाण पत्र इस मौके पर वितरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
यह है योजना
राज्य के असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना लाई गई है। इसके तहत असंगठित श्रमिक और उनके स्वजन को राहत प्रदान करते हुए कई तरह से मदद पहुंचाई जा रही है। संबल योजना के तहत किसी असंगठित श्रमिक की मृत्यु होने पर उसकी अंत्येष्ठी के लिए पांच हजार रुपये सहायता प्रदान की जाती है।
इसी तरह किसी श्रमिक की सामान्य मृत्यु होने पर दो लाख रुपये की सहायता, दुर्घटना में मृत्यु होने की स्थिति में चार लाख रुपये की सहायता, आंशिक दिव्यांगता आने पर एक लाख रुपये की सहायता और स्थाई दिव्यांगता आने की स्थिति में दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता का प्रविधान है। इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में इस योजना से जुड़े श्रमिकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।











