पांचवें बड़े मंगल पर बाल स्वरूप हनुमान जी को श्रीराम नाम अंकित नवीन लाल वस्त्र अर्पित, दादाजी धाम मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न

पांचवें बड़े मंगल पर बाल स्वरूप हनुमान जी को श्रीराम नाम अंकित नवीन लाल वस्त्र अर्पित, दादाजी धाम मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न
Bhopal, 2 June 2026 / अधिकमास एवं पांचवें बड़े मंगल के पावन एवं दुर्लभ संयोग पर जागृत एवं दर्शनीय तीर्थस्थल दादाजी धाम मंदिर, पटेल नगर, रायसेन रोड, भोपाल में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुए। प्रातःकाल से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन, पूजन एवं आराधना कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
अधिकमास के अवसर पर पंडित राजेन्द्र पलिया के सान्निध्य में भगवान विष्णु की विशेष आराधना एवं पूजन प्रतिदिन किया जा रहा है। सनातन परंपरा में अधिकमास को जप, तप, दान, सेवा एवं आध्यात्मिक साधना का श्रेष्ठ काल माना गया है। वहीं बड़े मंगल का दिन भगवान श्री हनुमान जी की उपासना, संकट निवारण एवं मनोकामना पूर्ति के लिए विशेष फलदायी माना जाता है।
इस पावन अवसर पर बाल स्वरूप श्री हनुमान जी महाराज को श्रीराम नाम अंकित नवीन लाल वस्त्र अर्पित किए गए। श्रीराम नाम अंकित वस्त्र भगवान हनुमान जी की अपने आराध्य प्रभु श्रीराम के प्रति अखंड भक्ति, समर्पण एवं सेवा भाव का प्रतीक माने जाते हैं। वहीं लाल रंग शक्ति, पराक्रम, साहस, ऊर्जा एवं मंगल का प्रतीक है, जो हनुमान जी को विशेष रूप से प्रिय माना जाता है। इस कारण बड़े मंगल पर लाल वस्त्र अर्पित करने का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर चोला अर्पित किया तथा उपस्थित सभी भक्तों ने अपना नाम और गोत्र लेकर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रभु से सुख, समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की। इस अवसर पर सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ का आयोजन भी हुआ। सायंकाल महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन, संगीतमय आराधना एवं प्रभु महिमा का गुणगान प्रस्तुत किया गया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिरस से ओत-प्रोत हो उठा।
श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया कि आगामी बड़े मंगलों पर भी दादाजी धाम मंदिर में उपस्थित होकर पूजन-अर्चन, भजन एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करें तथा भगवान श्री हनुमान जी एवं दादाजी गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त करें।
Advertisement