भोपाल। जिले की बैरसिया तहसील में एक शासकीय स्कूल के शिक्षक द्वारा लंबे समय से 14 वर्ष की छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। घटना का पता तब चला जब डर के कारण बालिका ने स्कूल जाना बंद कर दिया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छेड़छाड़, पोक्सो एक्ट के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज पुलिस ने आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
बैरसिया थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली आठवीं की छात्रा को लेकर स्वजन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उसमें बताया कि छात्रा जब सातवीं कक्षा में थी, तभी से शिक्षक रघुवीर सिंह मालवीय उसके साथ अकेले में अश्लील हरकत करता था। फरवरी में बालिका ने मां को इस बारे में बताया था, लेकिन तब परीक्षाएं चल रही थीं। इस वजह से शिकायत थाने तक नहीं पहुंची थी। कुछ दिन बाद छात्रा की मां का निधन हो गया। जुलाई में छात्रा ने आठवी कक्षा में पढ़ना शुरू किया, तो शिक्षक ने उसके साथ फिर छेड़छाड़ शुरू कर दी थी। शनिवार को शिक्षक ने छात्रा को कमरे में बंद कर लिया, तो वह बुरी तरह डर गई और स्कूल जाना बंद कर दिया। दादी ने जब कारण पूछा तो उसने घटना के बारे में बताया। इसके बाद छात्रा ने स्वजन के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला शिक्षक से छेड़छाड़
उधर, बैरसिया थाना पुलिस ने एक सरकारी स्कूल की महिला शिक्षक की शिकायत पर एक मनचले के खिलाफ पीछा कर छेड़छाड़ करने का केस दर्ज किया है। बैरसिया थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली 32 वर्षीय महिला सरकारी स्कूल में शिक्षक है। महिला ने शिकायत में बताया कि दिसंबर-2022 से एक युवक स्कूल जाते-आते समय उसका पीछा करता है। साथ ही रास्ते में कमेंट्स भी करता है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पंजाबसिंह गुर्जर नाम के युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कर लिया है। आरोपित मूलत: ग्वालियर का रहने वाला है।











