भोपाल। अयोध्या नगर इलाके में स्थित शराब दुकान के संचालक को आबकारी विभाग ने नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।सहायक आबकारी आयुक्त दीपम रायचुरा ने अयोध्या नगर स्थित शराब दुकान के संचालक हितेश पटेल एंड संस एवं साथी विजय सिंह और विनोद सिंह को नोटिस देते हुए तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।साथ ही यह भी बताया है कि पुलिस के साथ हुए अभद्र व्यवहार के वह जिम्मेदार हैं और आबकारी अधिनियम के प्रविधानों के अनुसार दुकान लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है।
यह है मामला
गौरतलब है कि मंगलवार-बुधवार की रात करीब साढ़े बारह बजे आरक्षक कल्याण सिंह शराब दुकान बंद कराने पहुंचे थे। उस वक्त दुकान का शटर आधा खुला हुआ था और बाहर खड़ी कार पर गिलास रखकर कुछ कर्मचारी शराब पी रहे थे। आरक्षक ने जब उन लोगों से सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया तो दुकान कर्मचारियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया था। इसके साथ ही एफआरवी डायल-100 में भी तोड़फोड़ की थी। इस हमले में आरक्षक को गंभीर चोटें आई थीं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि दो अन्य फरार हो गए थे। गुरुवार को पुलिस टीम ने नगर निगम अमले के साथ शराब दुकान के सामने किया गया अतिक्रमण हटा दिया था।