इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक रिलायंस ने इस सौदे को करने के लिए बैंक ऑफ अमेरिका (BoFA) को नियुक्त किया है। BoFA एक या कई ब्लॉक डील के माध्यम से इस लेनदेन का प्रबंधन करेगा। हालांकि ऑफर मौजूदा बाजार मूल्य से 6-7% कम पर है। पिछले 24 घंटे में कई अन्य इन्वेस्टमेंट बैंक और ब्रोकर भी खरीदारों की तलाश में शामिल हो गए हैं। मंगलवार को एशियन पेंट्स का शेयर 2,323 रुपये पर बंद हुआ था। इस कीमत पर 4.9% हिस्सेदारी बेचने पर रिलायंस को 11,141 करोड़ रुपये (1.31 बिलियन डॉलर) मिलेंगे। एशियन पेंट्स के शेयरों में बुधवार को गिरावट दिख रही है। बीएसई पर कंपनी का शेयर सुबह 9.48 बजे 1.04% गिरावट के साथ 2300.95 अंक पर ट्रेड कर रहा था।
कितना किया था निवेश
एशियन पेंट्स का शेयर पिछले साल 16 सितंबर को 3,394 रुपये के 52-सप्ताह के उच्च स्तर पर था। रिलायंस ने जनवरी 2008 में 500 करोड़ रुपये में यह हिस्सेदारी खरीदी थी। यह वह समय था जब वैश्विक वित्तीय संकट आने वाला था। पिछले एक साल में स्टॉक में 19.3% की गिरावट आई है। इससे कंपनी के बाजार मूल्य में लगभग 51,000 करोड़ रुपये की कमी आई है। एलारा सिक्योरिटीज के अनुसार एशियन पेंट्स की बाजार हिस्सेदारी वित्त वर्ष 25 में 59% से घटकर 52% हो गई है। डिविडेंड को मिलाकर मौजूदा बाजार मूल्य पर रिलायंस को अपने निवेश पर 24 गुना रिटर्न मिलेगा।रिलायंस ने इस बारे में पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया। मामले से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर बोलियां मनचाही कीमत पर नहीं आती हैं, तो कंपनी अपनी योजना को रद्द भी कर सकती है। बाजार के जानकारों का कहना है कि रिलायंसस ने पांच साल पहले भी ऐसा ही विकल्प तलाशा था। यह उस समय था जब कंपनी भारत का सबसे बड़ा राइट्स इश्यू लॉन्च करने वाली थी। हालांकि, कंपनी ने उस योजना को आगे नहीं बढ़ाया।











