भोपाल। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ ने कनिष्ठ अभियंताओं और पदोन्नत सहायक अभियंताओं की सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर 23 नवंबर को वल्लभ भवन में प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह और पावर मैनेजमेंट कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक विशेष गडपाले के साथ बैठक की
इसमें संघ के 11 सूत्रीय मांग पत्र पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने विभिन्न मांगों पर सकारात्मक विचार और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
बैठक में प्रमुखता से उठीं ये मांगें और मुद्दे
पदोन्नत सहायक अभियंताओं को कार्यपालन अभियंता का प्रभार देने पर विचार।
कनिष्ठ अभियंताओं के लिए पृथक पदोन्नति चैनल बनाने के लिए अन्य राज्यों की व्यवस्था का अध्ययन।
वर्ष 2018 के बाद नियुक्त कनिष्ठ अभियंताओं की वेतन विसंगति का परीक्षण कर निराकरण।
विद्युत दुर्घटनाओं में तकनीकी जांच और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की रिपोर्ट के बिना अभियंताओं पर एफआइआर दर्ज नहीं करने के लिए पुलिस विभाग को निर्देश।
चतुर्थ समयमान वेतनमान की विसंगतियों की समीक्षा।
बिना उचित कारण शोकाज नोटिस और चार्जशीट जारी करने पर रोक के लिए सभी प्रबंध संचालकों को निर्देश।
आगामी डीपीसी में रिक्त सहायक अभियंता पदों को शत-प्रतिशत कनिष्ठ अभियंताओं की पदोन्नति से भरना।
संविदा कनिष्ठ अभियंताओं का नियमितीकरण।
ऊर्जा विभाग के 9 जून 2011 के सर्कुलर पर रोक नहीं लगाने और उससे जुड़े विषयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार।
पदाधिकारियों ने अन्य सेवा संबंधी समस्याएं भी रखीं
बैठक में संघ के पदाधिकारियों ने अन्य सेवा संबंधी समस्याएं भी रखीं। पावर मैनेजमेंट कंपनी के अध्यक्ष ने विस्तृत चर्चा के लिए दोबारा बैठक करने का आमंत्रण दिया। संघ अब जनरेशन, ट्रांसमिशन और पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालकों के साथ भी बैठक करेगा। महासचिव जीके वैष्णव ने बैठक को सकारात्मक बताया।

