भोपाल, भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के लीग चरण के आखिरी दिन मलेशिया ने जीत के साथ शुरुआत की। बुधवार को खेले गए पहले मुकाबले में मलेशिया ने थाईलैंड को 4-0 से हराया।
अब शाम 4:45 बजे चीन और कोरिया के बीच मुकाबला होगा। वहीं, शाम 7 बजे मेजबान भारत जापान से भिड़ेगा। मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि भारत-जापान मुकाबले को नारी शक्ति विशेष दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत स्टेडियम का एक पूरा स्टैंड महिलाओं को समर्पित रहेगा।
आखिरी क्वार्टर में मलेशिया ने दागे चार गोल
मलेशिया ने महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में थाईलैंड को 4-0 से हराया। मैच के पहले तीन क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। चौथे क्वार्टर में मलेशिया ने चार गोल दागकर जीत दर्ज की। नुरामिराह जुल्किफ्ली ने 54:52 और 59:20 मिनट में गोल किए, जबकि नूर अजह्र ने 55:42 और 59:40 मिनट में गोल दागे।
पहले, दूसरे और तीसरे क्वार्टर में स्कोर 0-0 रहा। चौथे क्वार्टर में मलेशिया ने चार गोल किए, जबकि थाईलैंड कोई गोल नहीं कर सका।
भारत-जापान मैच नारी शक्ति को समर्पित
सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि भारत और जापान के बीच होने वाले मुकाबले को नारी शक्ति विशेष दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबी बनाना और देश के निर्माण में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य से मैच में एक पूरा स्टैंड बहनों और नारी शक्ति को समर्पित किया गया है।
इस स्टैंड में प्रदेशभर की समाजसेवी, खिलाड़ी और अलग-अलग विधाओं में अपना और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली बहन-बेटियों को आमंत्रित किया गया है। मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त करने के लिए कई प्रयास किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इसी दिशा में काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश में महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है।
सनातन दर्शन का मुख्य आधार नारी शक्ति
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि सनातन दर्शन का मुख्य आधार नारी शक्ति है। उन्होंने कहा कि बुद्धि के लिए मां सरस्वती, बल और शक्ति के लिए मां काली व मां दुर्गा और धन के लिए मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इसी तरह हमारे समाज और परिवार में बहन, बेटी, बहू और मां का विशेष स्थान है।
जापान से मुकाबला भारतीय टीम के लिए अहम
वर्ल्ड रैंकिंग में भारत सातवें और जापान 11वें स्थान पर है। वहीं एशियाई रैंकिंग में भारत दूसरे और जापान तीसरे स्थान पर है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है।
जापान की टीम तेज खेल और अनुशासित रक्षापंक्ति के लिए जानी जाती है। भारतीय टीम को उसके खिलाफ आक्रमण के साथ डिफेंस में भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
भारत ने लीग चरण में मलेशिया, कोरिया, थाईलैंड और चीन के खिलाफ मुकाबले खेले हैं। जापान के खिलाफ मैच के साथ भारतीय टीम का लीग चरण पूरा होगा। इसके बाद टीमों की अंक तालिका में स्थिति के आधार पर अगले चरण के मुकाबले तय होंगे।

