मां बोली- शराब दुकान नहीं हटी, तो आग लगा देंगे:जबलपुर में 8 साल की बच्ची का शव मिलने से आक्रोश; कहा-रेप के बाद मारा

मां बोली- शराब दुकान नहीं हटी, तो आग लगा देंगे:जबलपुर में 8 साल की बच्ची का शव मिलने से आक्रोश; कहा-रेप के बाद मारा

जबलपुर में 8 साल की बच्ची का शव मिलने के बाद लोगों में आक्रोश है। लोगों ने शराब दुकान भी बंद करवा दी। परिजन का आरोप है कि शराबी ने रेप के बाद उसे मारा है। गांव में ऐहतियातन पुलिस बल भी तैनात है।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। दैनिक भास्कर ने बच्ची की मां और गांववालों से बात की। बच्ची की मां का कहना है कि शराब दुकान नहीं हटी, तो उसमें आग लगा देंगे।

मंगलवार शाम जलगांव के तालाब में बच्ची का शव मिला था। रात में ही गुस्साए लोगों ने शराब दुकान में आग लगा दी। तोड़फोड़ भी की। बुधवार को चार घंटे तक जबलपुर-खमरिया रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया था।

मां बोली- घर से उठा ले गए शराबी

बच्ची की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मां का आरोप है कि ‘मंगलवार शाम को बच्ची घर से निकली थी। आंगन से ही उसे कोई उठा ले गया। घर के पास नशे में धुत होकर कई लोग घूम रहे थे। अगर पता होता कि बच्ची के साथ घटना हो सकती है, तो उसे जाने ही नहीं देती। अगर शराब दुकान यहां से नहीं हटी, तो दुकान में आग लगा देंगे। आज मेरी बच्ची के साथ ऐसा हुआ है। कल किसी और की बच्ची शिकार हो सकती है।’

पहले तलाश की, तो तालाब में बच्ची नहीं थी

गांव में रहने वाली सुशीला बाई का कहना है कि बच्ची के लापता होते ही करीब 15 से 20 लोग उसे तलाश रहे थे। कुछ लोग तालाब पर भी गए थे, लेकिन वहां बच्ची नहीं थी। रात में अचानक ही बच्ची का शव तालाब में मिला। इसका मतलब है कि किसी ने बच्ची के साथ गलत काम करके उसकी हत्या की। फिर शव तालाब में फेंक दिया। आरोप है कि बच्ची की हत्या कर शव छिपाकर रखा गया। रात में शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से तालाब में फेंक दिया गया।

पुलिस पर आरोप- एक घंटे बाद आए पुलिसकर्मी

गांव की रहने वाली केसर बाई ने बताया कि घटना की सूचना पनागर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस एक घंटे तक मौके पर नहीं आई। जैसे-तैसे गांव में आई, तो शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया। बिना पूछताछ किए पुलिसकर्मी चले गई। जब रात में ग्रामीणों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ करते हुए आग लगाई, तो पुलिस तुरंत आ गई। केसर बाई ने बताया कि शराबी रोजाना यहां हंगामा करते हैं। किसी भी कीमत पर यहां शराब दुकान नहीं चलने दी जाएगी।

Advertisement