सोमवती अमावस्या पर शिप्रा व सोमकुंड में दो लाख से अधिक भक्तों ने किया स्नान

सोमवती अमावस्या पर शिप्रा व सोमकुंड में दो लाख से अधिक भक्तों ने किया स्नान
उज्जैन। श्रावण मास में 57 साल बाद आई सोमवती हरियाली अमावस्या पर सोमवार को मोक्षदायिनी शिप्रा व सोमतीर्थ स्थित सोमकुंड में पर्व स्नान हुआ। देशभर से आए दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने तीर्थ स्नान कर दान पुण्य किया। ज्योतिर्लिंग महाकाल सहित शहर के अन्य मंदिरों में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। भक्तों की भारी भीड़ के चलते पुराने शहर में दिनभर जाम की स्थिति निर्मित हुई।

पर्व स्नान के लिए दूरदराज से भक्तों का उज्जैन पहुंचने का सिलसिला रविवार रात से शुरू हो गया था। सोमवार को सूर्योदय के साथ स्नान की शुरुआत हुई। प्रशासन ने सोमकुंड में स्नान के लिए फव्वारों का इंतजाम किया था। आस्थावनों ने फव्वारों में स्नान कर कुंड के समीप स्थित श्री सोमेश्वर महादेव के दर्शन किए।

मान्यता है सोमवती अमावस्या पर सोमकुंड में स्नान व सोमेश्वर महादेव के दर्शन से अश्वमेध यज्ञ के सामन पुण्य फल प्राप्त होता है। इधर शिप्रा के घाटों पर हजारों लोग स्नान के लिए पहुंचे।

बीते दो दिनों से रुकरुक कर हो रही बारिश के कारण शिप्रा का जल स्तर बढ़ा हुआ था। प्रशासन ने यहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एहतियात के तौर पर व्यवस्था की थी। एक स्थान पर अधिक भीड़ जमा ना हो, इसके लिए घाट क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टर में बांटा गया था।

Advertisement