भोपाल। बैरागढ़ सिविल अस्पताल के पास प्रस्तावित मेटरनिटी विंग का काम तेज हो गया है। अगले दो से तीन माह में काम पूरा हो जाएगा। काम पूरा होते ही महिलाओं एवं बच्चों को पहले से अधिक सुविधा मिलेगी। अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को चरणबद्ध ढंग से पूरा करने का प्रस्ताव है। हाल ही में तीन विशेषज्ञों को यहां पदस्थ किया गया है।
मेटरनिटी विंग एवं अस्पताल के कुछ हिस्से के नवीनीकरण का काम फरवरी 2022 में शुरू हुआ था। इसके निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 12 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। वैसे काम 15 माह में पूरा करने का प्रस्ताव था, लेकिन डिजाइन में बदलाव के कारण विलंब हुआ है। अब बेसमेंट में पार्किंग का प्रविधान भी किया गया है। मेटरनिटी विंग बनने से महिलाओं को सुविधा हो जाएगी। इसके साथ ही आधुनिक आपरेशन थियेटर एवं लेबर रूम का निर्माण किया जाएगा। 45 बिस्तर वाला पीएनसी वार्ड एवं आठ बिस्तर वाला आइसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा है। कोरोना काल से सबक लेते हुए यहां आक्सीजन बेड के लिए अलग जगह सुरक्षित रखी जा रही है, ताकि आपात स्थिति में इसका उपयोग किया जा सके। अस्पताल में आक्सीजन प्लांट पहले से ही लगा हुआ है।
गर्भवती महिलाओं को सहूलियत
नए विंग में गर्भवती महिलाओं के इलाज की विशेष व्यवस्था रहेगी। इस अस्पताल में आसपास के ग्रामीण अंचलों के लोग भी इलाज कराने पहुंचते हैं। खासतौर पर गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए यहां लाया जाता है। रात के समय प्रसव के दौरान होने वाली परेशानी भी खत्म हो जाएगी। बर्न यूनिट भी निर्माणाधीन है। बच्चों के लिए अलग वार्ड बनाने का प्रस्ताव है। बच्चों के लिए आइसीयू का निर्माण भी किया जा रहा है। अस्पताल के अधीक्षक डा. जेके जैन के अनुसार अगले दो से तीन माह में काम पूरा हो जाएगा।











