रक्षाबंधन से पहले डाक विभाग की बड़ी तैयारी, 43 प्रधान डाकघरों में खुलेंगे विशेष राखी काउंटर, विदेश भेजने की भी खास व्यवस्था

रक्षाबंधन से पहले डाक विभाग की बड़ी तैयारी, 43 प्रधान डाकघरों में खुलेंगे विशेष राखी काउंटर, विदेश भेजने की भी खास व्यवस्था

 भोपाल। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए मध्य प्रदेश डाक विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बहनों की राखियां समय पर भाइयों तक पहुंचें, इसके लिए राज्य के सभी 43 प्रधान डाकघरों में विशेष राखी काउंटर बनाए जाएंगे। यहां केवल राखी और उससे जुड़े पार्सल की बुकिंग की जाएगी।

भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, हेल्प डेस्क और स्पीड पोस्ट की विशेष निगरानी की व्यवस्था भी रहेगी। विभाग का कहना है कि इस बार पिछले वर्ष की तकनीकी समस्याओं से सबक लेते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाया गया है।

43 प्रधान डाकघरों में विशेष राखी काउंटर

डाक विभाग ने सभी प्रधान डाकघरों में राखी बुकिंग के लिए अलग काउंटर बनाने का निर्णय लिया है। इन काउंटरों पर केवल राखी और संबंधित पार्सल स्वीकार किए जाएंगे, जिससे सामान्य डाक सेवाएं प्रभावित न हों और त्योहार के दौरान लोगों को लंबी कतारों का सामना भी न करना पड़े। बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जाएगी।

विदेश भेजी जाने वाली राखियों पर भी रहेगा फोकस

इस बार डाक विभाग विदेशों में रहने वाले भाइयों तक भी राखियां समय पर पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। लोगों को समय पर बुकिंग कराने और सही प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे, ताकि अंतरराष्ट्रीय डाक में किसी प्रकार की देरी न हो।

पिछले साल की तकनीकी समस्याओं से लिया सबक

वर्ष 2025 में नया आईटी सिस्टम 2.0 लागू होने के बाद शुरुआती दिनों में सर्वर और नेटवर्क संबंधी दिक्कतों के कारण राखी सहित अन्य डाक सामग्री की बुकिंग और वितरण प्रभावित हुआ था। कर्मचारियों के लिए नया सिस्टम भी चुनौती बना था, जिससे कई डाकघरों में लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

सर्वर अपग्रेड, स्पीड पोस्ट पर विशेष निगरानी

सहायक निदेशक चंद्रेश जैन के अनुसार इस बार सर्वर क्षमता बढ़ाई गई है और आईटी सिस्टम को अधिक स्थिर बनाया गया है। स्पीड पोस्ट की विशेष निगरानी, तेज डाक प्रसंस्करण और अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था की गई है। वहीं, सावन के मद्देनजर सभी 43 प्रधान डाकघरों में गंगाजल उपलब्ध कराने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को डाकघरों के माध्यम से यह सुविधा आसानी से मिल सके।


Advertisement