भोपाल। जिले में नवीनीकरण से बची 19 समूह की 48 शराब दुकानों के ठेकों के लिए दूसरे चरण के तहत लाटरी की प्रक्रिया आज से शुरू होने जा रही है। आबकारी विभाग द्वारा इन दुकानों की रिजर्व प्राइज (आरपी) 489.91 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। यह राशि पिछले साल की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है। इन 19 दुकानों की आरपी भी तय कर दी गई है। इसमें सबसे महंगा ठेका कोलार समूह और सबसे सस्ता ठेका बिलखिरिया समूह है।
39 शराब दुकानों के नवीनीकरण आवेदन खरीदे
जानकारी के अनुसार शनिवार तक 35 समूह में से 16 समूह ने अपनी मौजूदा 39 शराब दुकानों के ठेकों के नवीनीकरण के आवेदन खरीदे थे। अब नवीनीकरण से बची हुई शराब दुकानों के लिए लाटरी के आवेदन 19 से 22 फरवरी तक सुबह 10 से शाम 5. 30 तक खरीदे और जमा किए जाएंगे। विभाग ने भोपाल जिले की 87 शराब दुकानों के लिए आबकारी का लक्ष्य 916 करोड़ तय किया है। पिछले साल यह आंकड़ा 793 करोड़ था।
75 प्रतिशत नवीनीकरण के बाद जारी होंगे टेंडर
जिले की 75 प्रतिशत दुकानों का नवीनीकरण और लाटरी प्रक्रिया होना अनिवार्य है। इससे कम होने पर नए सिरे से टेंडर कराए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया 27 फरवरी से 4 मार्च तक चलेगी। 4 मार्च को ही टेंडर खोले जाएंगे।











