इंदौर के विडोरा बार में देर रात परोसी जा रही थी शराब, प्रशासन ने निरस्त किया लाइसेंस

इंदौर के विडोरा बार में देर रात परोसी जा रही थी शराब, प्रशासन ने निरस्त किया लाइसेंस
 इंदौर। जिला प्रशासन ने लगातार अनियमितता पाए जाने पर विडोरा बार का लाइसेंस निरस्त कर दिया। इससे पहले मई माह में भी दो मर्तबा बार का लाइसेंस निलंबित किया जा चुका है। इसके बाद भी बार में देर रात तक ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। विगत दिनों आबकारी विभाग की टीम ने बार की जांच की थी, इसमें देर रात तक शराब पिलाने का प्रकरण बना था।

कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने आबकारी अधिनियम के तहत अनियमितताएं पाए जाने पर कठोर कार्यवाही करते हुए डियाब्लो (विडोरा) बार का लाइसेंस निरस्त कर दिया। यह कार्यवाही डियाब्लो बार में की जा रही अनियमितताओं के बारे में शिकायत प्राप्त होने पर की गई है। सहायक आयुक्त आबकारी मनीष खरे ने बताया कि 7 अगस्त को मेसर्स एबीएस फूड्स, डिआब्लो (विडोरा) रेस्तरां बार (एफएल-2), शेखर सेंट्रल की दसवीं मंजिल, 4-5, मनोरमागंज, पलासिया चौराहा के रेस्तरां बार परिसर का निरीक्षण किया गया।

उक्त कृत्य अनुज्ञप्तिधारी द्वारा तृतीय बार किया गया था। अनुज्ञप्तिधारी मेसर्स एबीएस फूड्स, डिआब्लो (विडोरा) रेस्तरां बार (एफ.एल.-2) को पूर्व में भी की गई अनियमितताओ के लिए दो बार दंडित किया जा चुका है। उक्त कार्यवाहियों के पश्चात भी अनुज्ञप्तिधारी द्वारा अपराध की पुनरावृत्ति करते हुए तृतीय बार उक्त अनियमितता की गई। इसके फलस्वरूप अनुज्ञप्ति कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी द्वारा निरस्त की गयी है।

Advertisement