इंदौर। शहर में सावन के पहले सोमवार का स्वागत हल्की वर्षा के साथ हुआ। सोमवार तड़के से ही हल्की वर्षा का दौर जारी है। हल्की वर्षा से लोगों को पिछले कुछ दिनों से जारी उमस और गर्मी से राहत मिली है।
सोमवार को दिन में पश्चिमी दक्षिण पश्चिमी हवाएं 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। सुबह न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दिन में बादल छाए रहने के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि रविवार को दिन में बादल छाए रहे और कुछ समय के लिए धूप भी निकली। गर्मी व उमस के कारण दिनभर शहरवासी परेशान हुए, वही शाम में समय शहर में हुई हल्की वर्षा से शहरवासियों को गर्मी से राहत दी। मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीगल स्थित वेदर स्टेशन पर शाम 6.15 बजे तक 2.50 मिमी वर्षा दर्ज हुई।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के कारण सोमवार को शहर में हल्के बादल छाएंगे और गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना हैं। इसके अलावा मंगलवार को शहर में भारी वर्षा होने की संभावना है। दिन में ज्यादा समय तक छाए रहे बादलों के काण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली।
रविवार को शहर में पश्चिमी व दक्षिण पश्चिमी हवाएं 26 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में द्रोणिका मप्र के शिवपुरी सीधी व डालटनगंज से मणिपुर तक जा रही हैं। वहीं एक कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम राजस्थान पर बना हुआ यह अगले दो दिन में चक्रवाती घेरे में तब्दील होगा।
इसके अलावा एक आफसोर ट्रफ दक्षिण गुजरात से केरल तक जा रहा है। इसके असर से सोमवार को शहर में हल्की वर्षा होगी वही मंगलवार को शहर में भारी वर्षा होने की संभावना है।











