चालीहा महोत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ रही झूलेलाल उत्सव समिति

चालीहा महोत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ रही झूलेलाल उत्सव समिति
भोपाल। भगवान झूलेलाल की उपासना का 40 दिनी महोत्सव संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में इन दिनों श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। झूलेलाल उत्सव समिति ने धार्मिक महोत्सव के माध्यम से समाज की नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने का अभियान शुरू किया है।

एच वार्ड स्थित झूलेलाल मंदिर में इस पावन मौके पर प्रतिदिन आरती एवं बहिराणा पूजन किया जा रहा है। यहां श्रद्धालु कतारबद्ध होकर पूजन कर रहे हैं। इस दौरान किशोर आयु वर्ग के श्रद्धालुओं को समाज की प्राचीन संस्कृति और सभ्यता के बारे में बताया जा रहा है।

झूलेलाल उत्‍सव समिति के अध्यक्ष पुरषोत्तम हरचंदानी ने बताया कि इन दिनों युवा पीढ़ी इंटरनेट मीडिया पर ज्‍यादा सक्रिय रहती है लेकिन मंदिर कम लोग आते हैं। इसे देखते हुए हमने चालीहा महोत्सव के दौरान युवाओं केा अपनी धर्म-संस्कृति से जोड़ने के लिए उन्हें आरती एवं पूजा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। अब इसके अच्छे नतीजे आ रहे हैं। बड़ी संख्या में युवा पूजन में शामिल हो रहे हैं। नेहरू पार्क परिसर स्थित पार्क में भी युवा अपनी संस्कृति को नजदीक से देख रहे हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष राजकुमार वाधवानी लगातार युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं।
चंद्रदर्शन के साथ पूजन किया

न्यू बी स्थित झूलेलाल चालीहा मंदिर में चंद्रदर्शन महोत्सव मनाया गया। प्रमुख ज्योतिर्विद पं. जय कुमार शर्मा, मंदिर समिति के संरक्षक साबू रीझवानी, गुलाब जेठानी, राजेश बेलानी एवं विदिशा पंचायत के अध्यक्ष दीवान मंगतानी ने भगवान झूलेलाल का पूजन किया। महिला विंग की अध्यक्ष किरण वाधवानी की अगुआई में महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान झूलेलाल से भारत को विश्व शक्ति बनाने के लिए सामूहिक प्रार्थना की। माता भक्त चंद्रभान रीझवानी एवं सोनी वासवानी ने भजन पेश किए। पं. जय शर्मा ने कहा कि वरुण अवतार की पूजा करने से दुख दूर होते हैं और मन को शांति मिलती है।

Advertisement