कांग्रेस सरकार आने पर जनता को दिये जाने वाली सुविधाओं का यात्रा में होगा प्रचार-प्रसार

कांग्रेस सरकार आने पर जनता को दिये जाने वाली सुविधाओं का यात्रा में होगा प्रचार-प्रसार
भोपाल I प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने मप्र कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष दामोदर यादव के नेतृत्व में निकाली जा रही ‘कमलनाथ संदेश यात्रा’ को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से आज हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से निकाली जायेगी, जिसका प्रथम चरण आज से प्रारंभ होगा, जो 12 दिवसीय रहेगा। यात्रा भोपाल से प्रारंभ होकर रायसेन, विदिशा, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी होकर दतिया पहुंचेंगी जहां 22 जून को दतिया में एक विशाल आमसभा के रूप में समापन कर प्रथम चरण पूर्ण होगा। श्री कमलनाथ ने कहा कि श्री दामोदर जी द्वारा निकाली जा रही यह यात्रा निश्चित ही कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगी और प्रदेश की जनता को कांग्रेस के प्रति जागरूक करेगी। भाजपा राज में आज प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। युवा भटक रहा हैं, बेरोजगारी चरम पर है, भ्रष्टाचार चरम पर है, किसान हैरान और परेशान हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं। भाजपा केवल लोगों को भ्रमित कर गुमराह करने की राजनीति कर रही है, लेकिन अब प्रदेश की जनता भाजपा के झूठे झांसे में आने वाली नहीं है, कितनी ही घोषणाएं भाजपा कर ले, कितने ही लुभावने जुमले भाजपा जनता के बीच छोड़ दे लेकिन अब प्रदेश की तस्वीर जनता के सामने हैं, जनता ने अब भाजपा को सबक सिखाने का मन बना लिया है, जिसका परिणाम विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।  श्री यादव ने बताया कि कमलनाथ संदेश यात्रा के दौरान 10 जिलांे की 25 विधानसभाओं में 55 से अधिक स्थानांे पर आमसभाएं होगी, जिसमें अभा कांग्रेस कमेटी के प्रभारी, सह प्रभारियों, वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय नेताओं सहित बड़ी संख्या में पिछड़ा वर्ग विभाग के कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। यात्रा एक बड़े रथ के साथ लगभग 20 चार पहिया वाहनों के साथ पूरे काफिले के रूप में चलेगी, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ांे कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। श्री यादव ने कहा कि ‘‘कमलनाथ संदेश यात्रा’’ के माध्यम से जगह-जगह सभाओं का आयोजन करके जनता तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा, यात्रा के दौरान कांग्रेस सरकार बनते ही किसानों की कर्ज माफी, नारी सम्मान योजना, 500 रू. में गैस सिलेण्डर, पुरानी पेंशन बहाली, 100 यूनिट माफ और 200 यूनिट पर बिजली बिल हाफ के तहत दिए जाने वाले लाभों का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
Advertisement