भोपाल । संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) से सटे ग्राम बैरागढ़ कलां का पहुंच मार्ग चौड़ा होने से नागरिकों को सुविधा हो गई है, लेकिन रेलवे फाटक होने के कारण बार-बार जाम लग रहा है। इस इलाके की आबादी तेजी से बढ़ रही है। बैरागढ़ की तरह यहां भी अंडरब्रिज या ओवरब्रिज बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
चल रहा ओवरब्रिज का काम
संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन के पास फाटक रोड पर इन दिनों ओवरब्रिज निर्माण का काम चल रहा है। काम पूरा होते ही फाटक बंद होने से जाम लगने की समस्या खत्म हो जाएगी, लेकिन अब यही समस्या बैरागढ़ कलां स्थित रेलवे क्रासिंग क्रमांक 114 पर होने लगी है। अब लोग बैरागढ़ कलां में भी अंडरब्रिज बनाने की मांग करने लगे हैं। रहवासियों का कहना है कि गांव की आबादी तेजी से बढ़ रही है। बैरागढ़ उपनगर में अब नई बसाहट की जगह नहीं बची है, ऐसे में लोग बैरागढ़ कलां का रुख कर रहे हैं। यहां हर साल 100 से अधिक नए मकान बन रहे हैं। बसाहट के साथ वाहनों की संख्या भी बढ़ रही है।
स्टापेज बढ़ेंगे तो समस्या भी बढ़ेगी
बैरागढ़ कला स्थित रेलवे क्रासिंग क्रमांक 114 को एक दिन में 80 बार बंद किया जाता है। भोपाल-इंदौर रूट पर चलने वाली यात्री गाड़ियों के अलावा कई मालगाड़ियों भी यहां से गुजरती है। रामगंज मंडी से संत हिरदाराम नगर स्टेशन तक तीसरी लाइन भी यहीं से गुजरती है। ऐसे में ट्रैफिक बढ़ने की पूरी संभावना है। स्टापेज बढ़ेंगे तो फाटक बंद होने की समस्या भी ओर बढ़ेगी। जिस रफ्तार से आबादी बढ़ रही है, उससे यह साफ है कि आने वाले समय में यह गांव नहीं रह जाएगा। यहां नई कालोनियां भी बन रही हैं। रहवासी हरीश वीधानी का कहना है कि बैरागढ़ कलां अब गांव नहीं, शहर का हिस्सा बन चुका है इसलिए ओवरब्रिज का निर्माण होना चाहिए। रेल सुविधा संघर्ष समिति के अध्यक्ष परसराम आसनानी का कहना है कि इस संबंध में डीआरएम से मुलाकात की जाएगी।











