इजरायल की सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि उनके देश ने हमास के साथ जारी युद्ध को देखते हुए 1 लाख रिजर्व सैनिकों को इकट्ठा किया है। इन सैनिकों को अभी दक्षिणी इजरायल में इकट्ठा किया गया है। इसके अलावा इजरायल ने बड़े पैमाने पर टैंक और अन्य घातक हथियार भी जमा कर लिए हैं। इजरायली सेना ने कहा कि हमारा काम यह सुनिश्चित करना होगा कि इस युद्ध के बाद हमास के पास कोई भी सैन्य क्षमता न रहे ताकि वह इजरायल के नागरिकों को धमका न सके।
गाजा से हमास को खत्म करने की तैयारी
इजरायली सेना ने कहा कि इसके अलावा हम यह भी सुनिश्चित करेंगे हमास गाजा पट्टी में भी शासन नहीं कर सके। उसने कहा कि इजरायल की सेना अभी उन आतंकियों को ठिकाने लगा रही है जो इजरायल में घुस गए थे। इस बीच इजरायल की सेना लगातार फलस्तीनी इलाकों में भारी बमबारी कर रही है। इजरायली हमले के बाद कई इलाके कब्रिस्तान में बदल गए हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री बेजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि हमें लंबे और कठिन युद्ध के लिए तैयार रहना होगा। उधर, हमास ने दावा किया है कि वह इजरायल के अल अक्सा मस्जिद और पश्चिमी किनारे में की गई कार्रवाई का बदला ले रहा है।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह खूनी संघर्ष लंबा चलने वाला है। एक इजरायली विशेषज्ञ इफ्रेम इनबार ने कहा कि इजरायल अब गाजा पर पूरी तरह से हमला बोल सकता है। इसके बाद इजरायल की सेना हमास को गाजा में सत्ता से उखाड़ फेकने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पीएम नेतन्याहू ने अपने बयान में इसके संकेत दिए हैं। इजरायल हवाई हमले में हमास के नेतृत्व को तितर बितर करने के बाद जमीनी हमला करेगा। इस बीच ईरान ने इजरायल को जमीनी हमला करने को लेकर चेतावनी दी है। ईरान के करीबी हिज्बुला ने तो लेबनान की सीमा से हमले भी शुरू कर दिए हैं।











