भोपाल: 19 नवंबर का दिन एमपी के लिए ऐतिहासिक रहा है। सीएम मोहन यादव और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एमपी टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन , ग्वालियर इन्वेंस्टर मीट का शुभारंभ किया है। इस दौरान टीएमजेड के पहले फेज की शुरुआत हुई और दूसरे फेज की लॉन्चिंग की गई है। पहले फेज में राज्य सरकार को 3611 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सीएम ने इस मौके पर 25 निवेशकों को आवंटन पत्र सौंपे हैं।
धरातल पर दिख रहा है विकास
सीएम मोहन यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। डबल इंजन के बल पर एमपी सरकार केवल अनाउंसमेंट नहीं करती, तेज गति से विकास को धरातल पर उतारती है। उन्होंने कहा कि टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन की स्थापना के बाद ग्वालियर अब केवल संगीत की नगरी नहीं है, बल्कि दूरसंचार और तकनीक की नगरी भी है। उन्होंने कहा कि टीएमजेड के पहले फेज में निवेश करने वाले 25 निवेशकों का स्वागत है।
सबसे तेजी से हो रहा औद्योगिक विकास
मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सबसे तेजी से औद्योगिक विकास करने वाला राज्य है। मध्यप्रदेश ने फाइल वर्क से आगे निकलकर फील्ड वर्क पर ध्यान दिया और आज न्यूनतम समय में अधिकतम परिणाम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीएमजेड की स्थापना के लिए जुलाई 2026 में भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय के साथ एमओयू किया था। लेकिन, केवल 4 से 5 महीने में टीएमजेड के पहले फेज के लिए आवंटन जारी कर दिया और इसके दूसरे फेज के लिए 450 एकड़ जमीन देकर इसका भी शुभारंभ कर दिया है।
इज ऑफ डूइंग बिजनेस की व्यवस्था
सीएम ने कहा कि संकल्प के साथ काम करने के लिए बेमतलब की रुकावटें खत्म होनी चाहिए, इसीलिए राज्य सरकार ने लगभग 27 गैर जरूरी अनुपालनों और व्यापार-व्यवसाय में बाधा बन रहे 925 कानूनों को खत्म किया है। आज मध्यप्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की व्यवस्था लागू है। राज्य सरकार के इन सभी प्रयासों से एमपी का अर्थ बदल गया है। एमपी अर्थात् मोर प्रॉफिट, मेगा प्रॉफिट, मेगा प्रोजेक्ट।
एमपी में आ रहे हैं निवेशक
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सीएम मोहन यादव के नेतृत्व में टीएमजेड में निवेशकों के आने का सिलसिला जारी है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर देश के मध्य में स्थित होने के कारण बेहतर कनेक्टिविटी रखता है। दिल्ली से ग्वालियर की दूरी भी कम हो जाएगी। ग्वालियर से आगरा तक एक्सप्रेसवे तैयार हो रहा है, जिससे हम 50 मिनट में ग्वालियर से आगरा पहुंच पाएंगे। ग्वालियर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी है, जहां से टीएमजेड की दूरी मात्र 20 मिनट है।

