चीन पर चाबुक का फायदा तभी उठा पाएगा भारत जब करेगा ये काम, थिंक टैंक की सलाह
नई दिल्ली: थिंक टैंक ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) ने भारत को अपने आईटी एक्सपोर्ट को डायवर्सिफाई करने की सलाह दी है। उसने अमेरिका से आने वाले रेवेन्यू पर निर्भरता कम करने पर जोर दिया है। थिंक टैंक को डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के तहत H-1B वीजा प्रोग्राम पर सख्ती की आशंका है। GTRI ने रविवार को कहा कि अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संभावित टैरिफ से पैदा होने वाले जोखिमों को कम करने के लिए भारत को अपने आई निर्यात में विविधता लानी चाहिए। कारण है कि भारत की आईटी एक्सपोर्ट इनकम का बड़ा हिस्सा अमेरिका से आता है। GTRI ने डेटा नीतियों को मजबूत करने के साथ घरेलू डेटा साझा करने के बाहरी दबावों का विरोध और इंडो-पैसिफिक इकोनॉमिक फ्रेमवर्क फॉर प्रॉस्पेरिटी (IPEF) के व्यापार स्तंभ को अस्वीकार करने पर भी जोर दिया। इससे भारत अपनी डिजिटल और श्रम नीतियों को आकार देने में सक्षम होगा।











